छत्तीसगढ़ पुलिस को मिले 642 नए आरक्षक, माना में 76वें बैच की पासिंग आउट परेड संपन्न

Chhattisgarh Rashtrabaan

    रायपुर। छत्तीसगढ़ पुलिस बल में 642 नए आरक्षक शामिल हो गए हैं। राजधानी रायपुर के माना स्थित पुलिस प्रशिक्षण विद्यालय में 76वें बैच के महिला एवं पुरुष नव आरक्षकों की दीक्षांत परेड आयोजित की गई। इस दौरान 434 पुरुष और 208 महिला आरक्षकों ने बुनियादी प्रशिक्षण पूरा करने के बाद पुलिस विभाग में पूरी जिम्मेदारी, अनुशासन और निष्ठा के साथ सेवा करने की शपथ ली।

    समारोह में पुलिस मुख्यालय, नवा रायपुर में पदस्थ पुलिस महानिरीक्षक (अजाक) बालाजी राव सोमावार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। वहीं, पुलिस प्रशिक्षण विद्यालय माना के पुलिस अधीक्षक एवं संस्था प्रमुख माहेश्वर नाग भी उपस्थित रहे। परेड ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में प्रशिक्षित जवानों ने विभिन्न प्लाटूनों के साथ मार्च पास्ट किया और अपने अनुशासन एवं प्रशिक्षण का प्रदर्शन किया।

    पुरुष वर्ग में प्रभु कुमार बने ऑलराउंड बेस्ट

    प्रशिक्षण के दौरान बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षार्थियों को सम्मानित किया गया। पुरुष वर्ग में जशपुर के नव आरक्षक प्रभु कुमार ने ऑलराउंड बेस्ट का स्थान हासिल किया। वहीं, महिला वर्ग में मुंगेली की अंजली ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। इसके अलावा विभिन्न विषयों, अनुशासन, कार्यकुशलता और अन्य गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले जवानों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।

    सम्मानित होने वाले प्रशिक्षार्थियों में गुलशन कुमार, जितेश कुमार, मानसी, प्रेम कुमारी, ओमेश्वरी, मोनिका, गरिमा सिदार, प्रियंका यादव, परमजीत सिंह नेताम, शिव कुमार यादव, दीपक वर्मा, करन कुमार राकेश, राकेश भगत, श्याम सुंदर और यशवंत कुमार राठौर सहित अन्य जवान शामिल रहे।

    दीक्षांत परेड का नेतृत्व नव आरक्षक रानू राज ने किया, जबकि चितरंजन बघेल ने परेड कमांडर टूआईसी की जिम्मेदारी संभाली। कुल 16 प्लाटूनों ने परेड में हिस्सा लिया। इनका नेतृत्व महिला और पुरुष नव आरक्षकों ने किया।

    कानून, साइबर अपराध और आधुनिक पुलिसिंग का प्रशिक्षण

    प्रशिक्षण के दौरान जवानों को पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली, कानून व्यवस्था और समाज के प्रति जिम्मेदारियों की विस्तृत जानकारी दी गई। पाठ्यक्रम में पुलिस एवं समाज, प्रशासन एवं संगठन, कानून, पुलिस प्रक्रिया, पुलिस विज्ञान और अपराध शास्त्र जैसे विषय शामिल थे।

    इसके साथ ही बदलती तकनीक और अपराध के नए तरीकों को देखते हुए प्रशिक्षार्थियों को कंप्यूटर का बुनियादी ज्ञान, साइबर अपराध और अंग्रेजी भाषा की जानकारी भी दी गई। नक्सल समस्या, राज्य की प्रतिक्रिया और छत्तीसगढ़ के शहीदों से संबंधित विषयों पर भी प्रशिक्षण दिया गया।

    मैदानी प्रशिक्षण के तहत फिजिकल ट्रेनिंग, योग, अनआर्म्ड कॉम्बैट, ऑब्स्टेकल ट्रेनिंग, जिम, रॉक क्लाइम्बिंग, राफ्टिंग और स्लेदरिंग जैसी गतिविधियां कराई गईं। इसके अलावा जवानों को आधुनिक हथियारों के इस्तेमाल का प्रशिक्षण भी दिया गया।

    प्रदेश के कई जिलों के जवान हुए शामिल

    इस बैच में छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों और पुलिस इकाइयों से चयनित महिला एवं पुरुष आरक्षक शामिल हुए। इनमें रायपुर, रायगढ़, राजनांदगांव, बिलासपुर, धमतरी, बालोद, बेमेतरा, बलरामपुर, बलौदाबाजार, कबीरधाम, कोरिया, कोरबा, खैरागढ़, महासमुंद, जांजगीर-चांपा, जशपुर और गरियाबंद के प्रशिक्षार्थी शामिल थे।

    इसके अलावा मुंगेली, सक्ती, सरगुजा, सूरजपुर, दुर्ग, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर और मानपुर-मोहला-अंबागढ़ चौकी सहित अन्य जिलों के जवानों ने भी प्रशिक्षण प्राप्त किया। पुलिस प्रशिक्षण केंद्र मैनपाट के प्रशिक्षार्थी भी इस बैच का हिस्सा रहे।

    मुख्य अतिथि बालाजी राव सोमावार ने नव आरक्षकों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रशिक्षण किसी व्यक्ति को बेहतर बनाने और उसकी क्षमताओं को निखारने की प्रक्रिया है। उन्होंने जवानों को प्रशिक्षित करने वाले इनडोर एवं आउटडोर अधिकारियों, कर्मचारियों और प्रशिक्षकों के योगदान की सराहना की।

    कार्यक्रम के समापन पर उप पुलिस अधीक्षक अर्चना चौधरी ने अतिथियों, अधिकारियों, पत्रकारों, गणमान्य नागरिकों और जवानों के परिजनों के प्रति आभार व्यक्त किया।

    error: Content is protected !!