सिवनी : आनंद पंजवानी के इस्तीफे से गरमाई जिले की सियासत… क्या यह घर वापसी की पटकथा है या निर्दलीय ताल ठोकने की तैयारी?

Rashtrabaan

    सिवनी, संजय बघेल। सिवनी जिले के राजनीतिक गलियारों में एक बार फिर सियासी पारा चढ़ गया है। पूर्व कांग्रेस नेता और भारतीय जनता पार्टी का दामन थामने वाले आनंद पंजवानी ने अब भाजपा की प्राथमिक सदस्यता से भी इस्तीफा दे दिया है। इस घटनाक्रम के सामने आने के बाद स्थानीय राजनीति में चर्चाओं का बाजार गर्म है कि आखिर आनंद पंजवानी के मन में क्या चल रहा है और उनका अगला राजनीतिक कदम क्या होगा।

    स्थानीय राजनीतिक घटनाक्रमों पर नजर डालें तो वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की टिकट पर चुनाव लड़ते हुए आनंद पंजवानी को करारी हार का सामना करना पड़ा था। चुनाव परिणामों के बाद पंजवानी ने सार्वजनिक रूप से अपनी ही पार्टी के कुछ नेताओं पर भितरघात करने और चुनाव में उनके खिलाफ काम करने के गंभीर आरोप लगाए थे।

    इस नाराजगी के चलते उन्होंने पार्टी नेतृत्व से शिकायत भी की और अंततः दशकों पुराना नाता तोड़ते हुए कांग्रेस को अलविदा कह दिया। इसके बाद उन्होंने अपना राजनीतिक भविष्य सुरक्षित करने की उम्मीद में भाजपा की सदस्यता ग्रहण की थी। हालांकि, भाजपा में शामिल होने के कुछ साल बाद ही अब उनके प्राथमिक सदस्यता छोड़ने के फैसले ने राजनीतिक विश्लेषको को चौंका दिया है।

    विश्वसनीयता की चुनौती और आगे की राह

    फिलहाल, निर्दलीय मैदान में उतरने या कांग्रेस में वापसी करने, इन दोनों ही संभावनाओं पर केवल अटकलें ही लगाई जा रही हैं और आनंद पंजवानी की ओर से कोई आधिकारिक स्पष्टीकरण सामने नहीं आया है। राजनीतिक विश्लेषको का मानना है कि इस पूरे दांव-पेंच का उन्हें आगामी चुनाव में फायदा होगा या नुकसान, यह तो आने वाला समय ही बताएगा।

    हालांकि, जानकार इस बात पर एकमत नजर आते हैं कि कम समय के अंतराल में पहले कांग्रेस और फिर भाजपा से दूरी बनाने के फैसले ने दोनों प्रमुख दलों के भीतर उनकी राजनीतिक विचारधारा और प्रतिबद्धता को लेकर सवाल खड़े किए हैं। ऐसे में आनंद पंजवानी के सामने सबसे बड़ी चुनौती न केवल अपने लिए एक मजबूत राजनीतिक मंच तलाशने की होगी, बल्कि कार्यकर्ताओं और मतदाताओं का भरोसा फिर से जीतने की भी होगी।

    इस्तीफे के पीछे के ये दो सियासी मायने

    निर्दलीय चुनाव लड़ने की जमीन तैयार करनाकांग्रेस में घर वापसी की अटकलें
    जिले के राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि आनंद पंजवानी का यह कदम महज भावुकता में लिया गया फैसला नहीं, बल्कि एक सोची-समझी रणनीति का हिस्सा हो सकता है। जानकारों के अनुसार, भाजपा में अपेक्षित तवज्जो और राजनीतिक मंच न मिलने से वे असहज महसूस कर रहे थे। उनके इस इस्तीफे के मुख्य रूप से दो संभावित अर्थ निकाले जा रहे हैं। पहला निर्दलीय चुनाव लड़ने की जमीन तैयार करना, जी हां आपने सही पढ़ा निर्दलीय चुनाव। राजनीतिक जानकारों के एक वर्ग का मानना है कि आनंद पंजवानी ने भविष्य में विधानसभा टिकट की उम्मीद के साथ भाजपा का दामन थामा था। लेकिन आगामी चुनावी समीकरणों को देखते हुए उन्हें अपनी दावेदारी कमजोर पड़ती दिखाई दे रही थी। विश्लेषकों का तर्क है कि भाजपा के अनुशासन और शीर्ष नेतृत्व की नीतियों के तहत वे पार्टी में रहते हुए बगावत कर निर्दलीय चुनाव नहीं लड़ सकते थे। इसलिए, चुनाव से काफी पहले ही भाजपा से किनारा कर वे स्वतंत्र रूप से अपनी चुनावी जमीन तैयार करने और निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर मैदान में उतरने का विकल्प खुला रख रहे हैं।दूसरी ओर, सियासी गलियारों में यह चर्चा भी जोरों पर है कि पंजवानी की अपने पुराने दल यानी कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व के साथ पर्दे के पीछे कोई सहमति बनी है। अटकलें लगाई जा रही हैं कि उन्हें आगामी विधानसभा चुनाव में फिर से टिकट देने का आश्वासन मिला हो सकता है। इसी संभावित समझौते के तहत उन्होंने भाजपा की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा देकर अपनी अगली राजनीतिक पारी फिर से कांग्रेस के साथ शुरू करने की भूमिका तैयार की है।

    Read Also : बालाघाट : ​रिश्ते को किया शर्मसार! 4 साल की मासूम से दुष्कर्म करने वाले चाचा को दोहरा आजीवन कारावास

    error: Content is protected !!