बैतूल : रेत ढोने वाले चोर तो 2100 रुपये की अवैध वसूली करने वाले साहूकार कौन?

Rashtrabaan
Highlights
  • अब आंदोलन को मिल रहा व्यापक समर्थन, सारनी के मटेरियल सप्लायर भी बैतूल के मंच पर पहुंचकर उठाएंगे आवाज

    बैतूल, राष्ट्रबाण। जिले की रेत, स्थानीय लोगों के अधिकारों और हजारों परिवारों की रोजी-रोटी से जुड़े इस मुद्दे पर जब तक टोकन वसूली, रॉयल्टी और ठेका व्यवस्था की पारदर्शिता सामने नहीं आती, तब तक ये सवाल उठते रहेंगे। लगातार प्रकाशित हो रही खबरों के बाद अब इस मुद्दे पर लोगों की भागीदारी भी बढ़ती दिखाई दे रही है।

    अब इस आंदोलन की गूंज केवल ट्रैक्टर संचालकों तक सीमित नहीं रह गई है। सारनी क्षेत्र के मटेरियल सप्लायर भी इस आंदोलन का हिस्सा बनने के लिए बैतूल के मंच पर पहुंचकर अपनी आवाज बुलंद करने की तैयारी कर रहे हैं। यानी अब रेत कारोबार से जुड़े अलग-अलग वर्ग अपनी समस्याओं और सवालों को एक मंच पर रखने जा रहे हैं।

    आंदोलन से जुड़े लोगों का कहना है कि जब जिला हमारा है, जमीन हमारी है, नदियां हमारी हैं और प्राकृतिक संसाधन भी हमारे जिले के हैं, तो फिर स्थानीय लोगों पर इतनी आर्थिक मार क्यों? आखिर टोकन के नाम पर 2100 रुपये की वसूली किस आधार पर की जा रही है? शासन को मिलने वाली रॉयल्टी और कंपनी की कमाई का पूरा हिसाब सार्वजनिक क्यों नहीं किया जाता?

    आंदोलन में अब एक ही आवाज बुलंद हो रही है जिला हमारा, जमीन हमारी, नदियां हमारी, रेत हमारी… फिर यह अवैध वसूली किस बात की?
    यह लड़ाई किसी नियम के खिलाफ नहीं, बल्कि नियमों की पारदर्शिता, स्थानीय लोगों की आजीविका और जवाबदेही की मांग को लेकर है। अब देखना यह है कि प्रशासन इन सवालों का जवाब देता है या फिर रेत कारोबार से जुड़े लोगों को अपनी आवाज और बुलंद करनी पड़ेगी। वही जो प्रशासन ट्रैक्टर चालकों को माफिया बता रहा है वह उन्हें माफिया बताने से पहले हजारों परिवारों की रोजी-रोटी की और भी देखे।

    रेत चोर कौन? ठेका कंपनी या ट्रैक्टर संचालक

    जिले में रेत के कारोबार को लेकर इन दिनों एक बड़ा सवाल खड़ा हो रहा है। आखिर रेत चोर कौन है? नदी से रेत निकालकर ट्रैक्टर और ट्रकों के माध्यम से लोगों तक पहुंचाने वाला चालक या फिर टोकन के नाम पर 2100 रुपये वसूलने वाली ठेका व्यवस्था? प्रशासन की कार्रवाई की नजरें हमेशा सड़क पर रेत लेकर चलते ट्रैक्टरों और उनके चालकों पर ही क्यों टिक जाती हैं? क्या कभी उस व्यवस्था की भी जांच होगी, जिसके तहत टोकन के नाम पर हजारों रुपये वसूले जा रहे हैं?

    रेत का कारोबार केवल ट्रैक्टर चलाने वालों तक सीमित नहीं है। इस कारोबार से सैकड़ों नहीं, बल्कि हजारों परिवारों की आजीविका जुड़ी हुई है। ट्रैक्टर का ड्राइवर हो या रेत भरने वाला गरीब मजदूर, ट्रैक्टर शोरूम संचालक हो या गैराज का मैकेनिक, टायर पंचर बनाने वाला हो या डीजल-पेट्रोल बेचने वाला, नदी से लेकर शहर में खड़ी होने वाली गगनचुंबी इमारतों तक रेत पहुंचाने वाले ठेकेदार हों या भवन स्वामी, मिस्त्री और निर्माण मजदूर, इन सभी की रोजी-रोटी कहीं न कहीं इसी व्यवसाय से जुड़ी हुई है।

    अगर रेत का परिवहन करने वाले स्थानीय ट्रैक्टर और ट्रक संचालकों का काम अचानक बंद हो जाए, तो इसका असर केवल उनके घरों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इस व्यवसाय से जुड़े हजारों परिवारों के चूल्हों पर भी संकट खड़ा हो सकता है। यह वह आर्थिक कड़ी है, जिस पर शायद प्रशासन का ध्यान नहीं जा रहा है।

    2100 रुपये के टोकन का हिसाब कौन देगा?

    सबसे बड़ा सवाल 2100 रुपये के टोकन को लेकर है। स्थानीय ट्रैक्टर संचालकों का आरोप है कि टोकन के नाम पर 2100 रुपये लेने के बावजूद उन्हें रॉयल्टी की स्पष्ट व्यवस्था और वैध दस्तावेजों को लेकर संतोषजनक जानकारी नहीं मिलती। यदि यह राशि रॉयल्टी के बिना ली जा रही है, तो फिर राजस्व का हिसाब कौन देगा? शासन को कितनी रॉयल्टी मिल रही है और ठेका कंपनी के खाते में कितनी राशि जा रही है, इसका सार्वजनिक खुलासा क्यों नहीं होना चाहिए?

    एक ट्रैक्टर संचालक को प्रत्येक ट्रिप में होने वाले खर्च का हिसाब भी समझना होगा। कंपनी 2100 रुपये टोकन के नाम पर ले रही है। जिस पर लगभग 700 रुपये मजदूरी का खर्च ट्रैक्टर संचालक द्वारा दिया जाता है और 300 रुपये ड्राइवर का खर्च, साथ ही 100 से 200 रुपये खेत मालिक या अन्य स्थानीय खर्च और करीब 1000 रुपये डीजल का खर्च।

    इन खर्चों के बाद ट्रैक्टर संचालक के सामने अपनी गाड़ी की मरम्मत, किस्त, टायर और अन्य खर्चों की जिम्मेदारी भी रहती है। इसके बावजूद रेत पहुंचाने के लिए उसे खेत मालिकों से विवाद का सामना करना पड़ता है और सड़क पर निकलते ही कार्रवाई का डर अलग रहता है।

    हर विभाग की नजर में ट्रैक्टर वाला ही रेत चोर क्यों?

    ट्रैक्टर सड़क पर आया नहीं कि वन विभाग, पुलिस विभाग, परिवहन विभाग, खनिज विभाग, तहसीलदार, एसडीएम और कलेक्टर तक की कार्रवाई का डर उसके सामने खड़ा हो जाता है। नियमों का पालन होना चाहिए, इसमें किसी को आपत्ति नहीं हो सकती। अवैध खनन और अवैध परिवहन पर कार्रवाई भी जरूरी है। लेकिन सवाल यह है कि कार्रवाई की पूरी प्रक्रिया में टोकन जारी करने वाली व्यवस्था यानी ठेका कंपनी की जवाबदेही भी उतनी ही पारदर्शी क्यों नहीं होनी चाहिए? रॉयल्टी की वजाय आखिर ये टोकन जारी करने का लाइसेंस इन ठेका कंपनी को किसने दिया।

    यदि कोई ट्रैक्टर चालक टोकन लेकर रेत का परिवहन कर रहा है, तो उसके टोकन की वैधता, रॉयल्टी और परिवहन संबंधी दस्तावेजों की जांच के साथ यह भी स्पष्ट होना चाहिए कि उसे जारी किए गए टोकन के पीछे शासन की कौन-सी वैधानिक व्यवस्था काम कर रही है।

    परम कंस्ट्रक्शन से भी मांगा जाए जवाब

    बैतूल जिले में रेत ठेके से जुड़ी परम कंस्ट्रक्शन कंपनी को लेकर स्थानीय ट्रैक्टर संचालकों और रेत व्यवसाय से जुड़े लोगों के बीच कई सवाल उठ रहे हैं। खनिज जांच नाकों की व्यवस्था, टोकन के नाम पर ली जा रही राशि और रॉयल्टी की पारदर्शिता को लेकर प्रशासन को स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।
    क्या कंपनी को ठेका मिलने का अर्थ यह है कि वह अपनी सुविधा के अनुसार टोकन और वसूली की व्यवस्था चला सकती है? क्या टोकन की प्रत्येक राशि का पूरा हिसाब शासन के पास उपलब्ध है? क्या प्रत्येक ट्रिप पर वैधानिक रॉयल्टी जमा हो रही है? यदि सब कुछ नियमों के अनुसार है, तो फिर इस पूरी व्यवस्था का दस्तावेजी विवरण सार्वजनिक करने में परेशानी क्या है?

    असली सवाल का जवाब कौन देगा?

    रेत का परिवहन करने वाला ट्रैक्टर चालक अगर नियम तोड़ता है, तो उस पर कार्रवाई होनी चाहिए। लेकिन टोकन जारी करने वाली व्यवस्था में गड़बड़ी है, तो उसकी जिम्मेदारी भी तय होनी चाहिए। शासन के राजस्व को नुकसान पहुंच रहा है, तो उसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। किसी भी कंपनी को ठेका मिलने का अर्थ यह नहीं हो सकता कि उसे नियमों से ऊपर मान लिया जाए।

    आखिर सवाल वही है, रेत लेकर सड़क पर चलने वाला ट्रैक्टर ही चोर है या फिर उस पूरी व्यवस्था की भी जांच होनी चाहिए, जिसमें 2100 रुपये के टोकन से लेकर रॉयल्टी तक का हिसाब जनता के सामने स्पष्ट नहीं है? प्रशासन को अब केवल ट्रैक्टर पकड़ने तक सीमित न रहकर पूरे रेत कारोबार की निष्पक्ष जांच करनी चाहिए। क्योंकि यह मामला सिर्फ रेत का नहीं, बल्कि हजारों परिवारों की रोजी-रोटी और शासन के राजस्व की पारदर्शिता का भी है।

    राष्ट्रबाण इन सवालों को लगातार उठाता रहेगा। अब देखना यह है कि प्रशासन इन सवालों पर जवाबदेही तय करता है या फिर आंदोलन की आवाज और व्यापक रूप लेती है।

    Read Also : बालाघाट : ​दक्षिण बैहर के बोंडारी में मलेरिया ने ली बैगा बालक की जान

    error: Content is protected !!