नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने सीयूईटी यूजी 2026 के लिए शहर सूचना पर्ची जारी कर दी है। यह महत्त्वपूर्ण दस्तावेज उन उम्मीदवारों के लिए जारी किया गया है जो इस बार कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट-यूजी में हिस्सा लेने वाले हैं। उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट https://cuet.nta.nic.in/ पर जाकर इसे डाउनलोड कर सकते हैं। डाउनलोड करने के लिए उन्हें अपना एप्लीकेशन नंबर और पासवर्ड का उपयोग करना होगा।
शहर सूचना पर्ची में परीक्षा के लिए आवंटित शहरों की जानकारी दी जाती है ताकि परीक्षार्थी अपनी यात्रा, आवास और अन्य आवश्यक तैयारियों को समय रहते सुनिश्चित कर सकें। ध्यान रखना आवश्यक है कि यह एडमिट कार्ड या प्रवेश पत्र नहीं है, बल्कि केवल परीक्षा केंद्र और शहर की जानकारी प्रदान करता है।
अब तक एडमिट कार्ड की तारीख घोषित नहीं हुई है, लेकिन पिछले वर्षों के अनुभव के आधार पर यह माना जा रहा है कि हॉल टिकट परीक्षा से लगभग 3-4 दिन पहले जारी किए जाएंगे। एडमिट कार्ड में उम्मीदवार का नाम, फोटोग्राफ, हस्ताक्षर, परीक्षा केंद्र का नाम व पता, परीक्षा की तारीख, वक्त, रिपोर्टिंग टाइम, गेट क्लोजिंग टाइम समेत अन्य आवश्यक जानकारियां उपलब्ध होंगी।
शहर सूचना पर्ची डाउनलोड करने की विधि
- सबसे पहले आधिकारिक वेबसाइट https://cuet.nta.nic.in/ पर जाएं।
- होम पेज पर “एडवांस सिटी इंटीमेशन स्लिप” के लिंक पर क्लिक करें।
- लॉगिन पेज पर अपना एप्लीकेशन नंबर, पासवर्ड और सिक्योरिटी पिन दर्ज करें और सबमिट करें।
- स्क्रीन पर आपकी शहर सूचना पर्ची प्रदर्शित होगी।
- इसे ध्यानपूर्वक देख कर डाउनलोड कर लें और भविष्य के लिए सुरक्षित रख लें।
सीयूईटी यूजी 2026 परीक्षा की तारीखें और विवरण
कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट-यूजी का आयोजन 11 मई से 31 मई 2026 के बीच देश के विभिन्न शहरों में कंप्यूटर आधारित टेस्ट (CBT) के रूप में किया जाएगा। अभी तक परीक्षा का विषयवार शेड्यूल जारी नहीं किया गया है। इस बार कुल 37 विषयों की परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी, जिनमें प्रत्येक उम्मीदवार 5 विषयों का चयन कर सकता है, जिसमें भाषाई विषय और सामान्य योग्यता टेस्ट शामिल हैं।
प्रत्येक प्रश्न 5 अंकों का होगा, और गलत उत्तर देने पर 1 अंक की नेगेटिव मार्किंग होगी। प्रत्येक टेस्ट में कुल 50 प्रश्न होंगे, जिनका समय 60 मिनट रखा गया है। PwBD श्रेणी के उम्मीदवारों को अतिरिक्त 20 मिनट का समय मिलेगा। परीक्षार्थियों को सलाह दी जाती है कि वे आधिकारिक वेबसाइट का नियमित रूप से अवलोकन करते रहें ताकि किसी भी अपडेट से वाकिफ रह सकें।

