कुलगाम में लश्कर का बड़ा कमांडर ढेर, सरेंडर की अपील ठुकराकर सुरक्षाबलों से भिड़ा

Rashtrabaan News Desk
Highlights
  • लतीफ भट को सुरक्षाबलों ने आत्मसमर्पण का दिया मौका, वीडियो कॉल पर भी नहीं माना; मस्जिद में चलाया गया ऑपरेशन
  • सीआरपीएफ पोस्ट पर हमले में था शामिल, 15 लाख रुपये का था इनामी; पिछले छह महीनों में लश्कर के चार कमांडर ढेर

श्रीनगर, राष्ट्रबाण। जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में बुधवार को सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ के दौरान लश्कर-ए-तैयबा के कमांडर लतीफ भट को मार गिराया। वह देवसर इलाके के जांगलपोरा गांव स्थित एक मस्जिद में छिपा हुआ था। सुरक्षाबलों ने उसे आत्मसमर्पण करने का मौका दिया, लेकिन उसने इनकार कर दिया। इसके बाद सुरक्षा बलों ने अभियान जारी रखा और उसे ढेर कर दिया। अधिकारियों के मुताबिक, पूरी कार्रवाई के दौरान मस्जिद को कोई नुकसान नहीं पहुंचाया गया।

वीडियो कॉल पर भी आत्मसमर्पण से किया इनकार

मुठभेड़ से पहले सुरक्षाबलों ने वीडियो कॉल के जरिए लतीफ भट से संपर्क करने की कोशिश की। इस दौरान एक पुलिस अधिकारी ने उससे कहा, ‘हम तुम्हारे साथ हैं, जिंदगी अभी बाकी है।’ इस पर लतीफ ने जवाब दिया, ‘मुझे अल्लाह से मुलाकात करनी है। मैं बहुत खुश हूं। सरेंडर नहीं करूंगा।’ इसके बाद उसने आत्मसमर्पण करने से इनकार कर दिया और सुरक्षाबलों ने अपना अभियान जारी रखा।

सीआरपीएफ पोस्ट पर हमले में था शामिल

सुरक्षाबलों के मुताबिक, लतीफ भट और उसका साथी उमर निसार डार 11 नवंबर को नौपोरा अखरान स्थित सीआरपीएफ पोस्ट पर हुई गोलीबारी की घटना में शामिल थे। इस हमले में तीन जवान घायल हुए थे। घटना के बाद दोनों फरार हो गए थे। इसके बाद सुरक्षाबलों ने उनकी तलाश शुरू की थी।

पैर में गोली लगने के बावजूद हुआ था फरार

16 नवंबर को अखरान के लारू इलाके में सुरक्षाबलों ने दोनों आतंकियों को घेर लिया था। इस दौरान हुई मुठभेड़ में उमर निसार डार मारा गया, जबकि लतीफ भट पैर में गोली लगने के बावजूद भागने में सफल रहा। इसके बाद से ही सुरक्षाबल उसकी तलाश में अभियान चला रहे थे। आखिरकार बुधवार को कुलगाम के जांगलपोरा गांव में उसे घेर लिया गया।

15 लाख रुपये का घोषित था इनाम

22 वर्षीय लतीफ भट कुलगाम जिले के अशमुजी इलाके का निवासी था। पुलिस ने उस पर 15 लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा था। बताया जाता है कि वह वर्ष 2025 की शुरुआत में अपने घर से लापता हुआ था। बाद में उसके लश्कर-ए-तैयबा और उसके प्रॉक्सी संगठन टीआरएफ से जुड़ने की जानकारी सामने आई थी। जानकारी के अनुसार, उमर ने उसे करीब छह महीने तक पनाह दी थी। दोनों ने सीआरपीएफ पोस्ट पर हमले से पहले इलाके की रेकी भी की थी।

छह महीने में लश्कर के चार कमांडर मारे गए

जम्मू-कश्मीर में पिछले छह महीनों के दौरान लश्कर-ए-तैयबा के चार कमांडर मारे जाने की जानकारी सामने आई है। इनमें लतीफ भट के अलावा जाकिर अहमद गनई, यासिर और मूसा उर्फ आसिफ फौजी शामिल हैं। सुरक्षाबलों की लगातार कार्रवाई से घाटी में आतंकी संगठनों के खिलाफ अभियान जारी है।

error: Content is protected !!