मतदाता सूची में 20.68 लाख नए वोटर जुड़े, उत्तर प्रदेश सबसे आगे; पंजाब में संख्या स्थिर

Rashtrabaan News Desk
Highlights
  • उत्तर प्रदेश में 18.84 लाख नए मतदाता जुड़े, कुल संख्या बढ़कर 13.58 करोड़ पहुंची
  • उत्तराखंड, गोवा और मणिपुर में भी बढ़े वोटर, पंजाब में मतदाताओं की संख्या 2.01 करोड़ पर स्थिर

नई दिल्ली। राष्ट्रबाण। चुनाव आयोग की स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (एसआईआर) प्रक्रिया के बाद अब स्पेशल समरी रिवीजन (एसएसआर) के तहत जारी ड्राफ्ट मतदाता सूचियों में कई राज्यों में मतदाताओं की संख्या बढ़ी है। उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, गोवा और मणिपुर में एसआईआर की अंतिम मतदाता सूची की तुलना में कुल 20.68 लाख से अधिक नए मतदाता शामिल किए गए हैं। वहीं, पंजाब में मतदाताओं की संख्या में कोई बदलाव नहीं हुआ है। इन राज्यों की अंतिम मतदाता सूची 4 जनवरी 2027 को प्रकाशित की जाएगी।

उत्तर प्रदेश में सबसे ज्यादा 18.84 लाख नए मतदाता जुड़े

एसएसआर की ड्राफ्ट मतदाता सूची में उत्तर प्रदेश सबसे आगे है। राज्य में एसआईआर की अंतिम सूची के मुकाबले 18.84 लाख नए मतदाता शामिल किए गए हैं। इसके साथ ही प्रदेश में कुल मतदाताओं की संख्या 13.39 करोड़ से बढ़कर 13.58 करोड़ हो गई है। इनमें 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के 11.83 लाख नए मतदाता शामिल हैं। राज्य में मतदाताओं की संख्या में करीब 1.42 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है।

उत्तराखंड और मणिपुर में भी बढ़े मतदाता

उत्तराखंड में एसएसआर की ड्राफ्ट सूची में 1.19 लाख नए मतदाता जुड़े हैं। इसके बाद राज्य में कुल मतदाताओं की संख्या 71.58 लाख से बढ़कर 72.78 लाख हो गई है। वहीं, मणिपुर में 33,737 नए नाम शामिल किए गए हैं। इससे राज्य में मतदाताओं की संख्या में 1.72 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है।

गोवा में 3.01 प्रतिशत की बढ़ोतरी

गोवा में भी मतदाताओं की संख्या में इजाफा हुआ है। यहां एसएसआर की ड्राफ्ट सूची में 31,815 नए मतदाता शामिल किए गए हैं। इसके बाद राज्य में कुल मतदाताओं की संख्या 10.57 लाख से बढ़कर 10.89 लाख हो गई है। राज्य में मतदाताओं की संख्या में करीब 3.01 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है।

पंजाब में मतदाताओं की संख्या में नहीं हुआ बदलाव

पंजाब ऐसा राज्य है, जहां एसआईआर की अंतिम सूची और एसएसआर की ड्राफ्ट सूची में मतदाताओं की कुल संख्या में कोई अंतर नहीं आया है। राज्य में मतदाताओं की संख्या 2.01 करोड़ पर स्थिर बनी हुई है। वहीं, एसएसआर प्रक्रिया से गुजर रहे 17 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में नए मतदाताओं के जुड़ने के मामले में उत्तर प्रदेश सबसे आगे है। इसके बाद बिहार में 13 लाख और राजस्थान में 11.6 लाख नए मतदाता शामिल किए गए हैं। तमिलनाडु में करीब 10 लाख और मध्य प्रदेश में 8 लाख से अधिक नए नाम जोड़े गए हैं।

डुप्लिकेट नामों को लेकर उत्तर प्रदेश में विवाद

उत्तर प्रदेश की मतदाता सूची में डुप्लिकेट नामों को लेकर विवाद भी बना हुआ है। ऐसे में अंतिम मतदाता सूची जारी होने से पहले सूची की शुद्धता सुनिश्चित करना और दोहरे नामों की जांच करना महत्वपूर्ण होगा। चुनाव आयोग की ओर से 4 जनवरी 2027 को अंतिम सूची प्रकाशित की जाएगी। इसके बाद ही मतदाताओं की वास्तविक संख्या और सूची में हुए बदलावों की स्थिति स्पष्ट होगी।

error: Content is protected !!