गंगापुर सिटी में मानव एकता दिवस पर संत समागम का भव्य आयोजन

Rashtrabaan

    गंगापुर सिटी, 24 अप्रैल 2026: करुणा, प्रेम और एकता की भावना से ओतप्रोत वातावरण में गंगापुर सिटी ने मानव एकता दिवस को एक सजीव आध्यात्मिक उत्सव के रूप में मनाया। इस अवसर पर “मानव को मानव हो प्यारा, एक-दूजे का बने सहारा” का संदेश न केवल शब्दों में, बल्कि जनमानस के हृदय में गहराई से अमिट प्रभाव छोड़ गया। यह पर्व परोपकार, करुणा और परमार्थ जैसे मानवीय मूल्यों की सुंदर अभिव्यक्ति के रूप में उभरा।

    मानव एकता दिवस के उपलक्ष्य में गंगापुर सिटी में संत समागम बड़े उल्लास एवं श्रद्धा के साथ आयोजित किया गया। कोटा से पधारे जितेंद्र रावल जी ने विशाल श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि गुरुसिख के लिए गुरु का वचन सर्वोपरि होता है। उन्होंने बताया कि गुरुसिख अपने गुरु के मार्गदर्शन में चलता है, अपने भीतर की कुरीतियों को त्यागकर पूर्ण गुरुसिख की जीवनशैली अपनाता है। उन्होंने बाबा गुरबचन सिंह जी के बलिदान और शिक्षाओं को याद करते हुए कहा कि उनकी शिक्षाओं ने समाज में नई ऊर्जा का संचार किया और जीवन को सकारात्मक दिशा दी। इस कार्यक्रम का सफल संचालन मुखी बहन पुष्पा रानी जी ने किया।

    24 अप्रैल को मानव एकता दिवस बाबा गुरु वचन सिंह जी की दिव्य स्मृति में दिल्ली के ग्राउंड नंबर 8 में सद्गुरु माता सुदीक्षा जी महाराज और निरंकारी राज पिताजी के सानिध्य में भी मनाया गया। इस अवसर पर संत निरंकारी मंडल के सचिव आदरणीय श्री जोगेंद्र सुखीजा ने बताया कि पूरे भारत में लगभग 200 स्थानों पर रक्तदान शिविर आयोजित किए गए, जिनमें करीब 40,000 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया। यह प्रयास निष्काम सेवा, परोपकार और मानवता के प्रति समर्पण की शानदार अभिव्यक्ति के रूप में सामने आया।

    बाबा गुरबचन सिंह जी ने सत्य, सरलता और सद्भावना का मार्ग दिखाते हुए युवाओं को नशामुक्त जीवन अपनाने और सेवा कार्यों में संलग्न होने की प्रेरणा दी। बाबा हरदेव सिंह जी ने “रक्त नाड़ियों में बहे, नालियों में नहीं” का संदेश देकर सेवा को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने की अपील की। यह कार्य सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज के नेतृत्व में निरंतर आगे बढ़ रहा है।

    यह आयोजन केवल आध्यात्मिक चेतना का केंद्र नहीं बना, बल्कि सामाजिक समरसता, सेवा एवं मानवता के मूल्यों को मजबूत करने का प्रभावी माध्यम भी साबित हुआ। मानव एकता दिवस का यह आयोजन समाज में भाईचारे और साझा जिम्मेदारी की भावना को मजबूती प्रदान करने वाला एक आदर्श उदाहरण है।

    संपर्क जानकारी:

    सपना लखवानी
    मीडिया सहायक, ब्रांच गंगापुर सिटी
    फोन: 6367834922

    Source

    error: Content is protected !!