रायपुर। भारतीय रेलवे ने विशेष अभियान-6 सफलतापूर्वक पूरा कर लिया है। 2 से 31 अक्टूबर 2026 तक चले इस अभियान के दौरान देशभर में स्वच्छता, कबाड़ निपटान और रिकॉर्ड प्रबंधन से जुड़े कई कार्य किए गए। अभियान के तहत रेलवे स्टेशनों, कार्यालयों और कार्यशालाओं में 1 लाख से अधिक स्वच्छता अभियान आयोजित किए गए। वहीं, अनुपयोगी और कबाड़ सामग्री के निपटान से रेलवे को 628.49 करोड़ रुपये की आय हुई। यह निर्धारित 600 करोड़ रुपये के लक्ष्य से अधिक है।
कबाड़ हटाकर 6.20 लाख वर्ग फुट जगह कराई खाली
विशेष अभियान-6 के तहत सभी जोनल रेलवे, मंडलों, उत्पादन इकाइयों, सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों और अन्य रेलवे प्रतिष्ठानों में स्वच्छता एवं बेहतर प्रबंधन पर जोर दिया गया। इस दौरान रेलवे परिसरों से अनुपयोगी सामग्री और कबाड़ हटाया गया। इसके परिणामस्वरूप 6,20,121 वर्ग फुट जगह खाली कराई गई। अभियान में लंबित मामलों के निपटारे और सरकारी संसाधनों के बेहतर उपयोग पर भी ध्यान दिया गया।
1.50 लाख से अधिक ई-कचरा इकाइयों का निपटान
अभियान के दौरान ई-कचरे के संग्रह, पृथक्करण और उचित निपटान के लिए विशेष प्रयास किए गए। इसके तहत 1.50 लाख से अधिक ई-कचरा इकाइयों का निपटान किया गया, जिससे 10.43 करोड़ रुपये की आय प्राप्त हुई।
इसके साथ ही पुरानी भौतिक और इलेक्ट्रॉनिक फाइलों की समीक्षा की गई। जन शिकायतों, अपीलों, संसदीय आश्वासनों, वीआईपी संदर्भों और अन्य लंबित मामलों के समाधान के लिए भी कार्रवाई की गई। इसका उद्देश्य कार्यालयों में रिकॉर्ड व्यवस्था को बेहतर बनाने के साथ प्रशासनिक कार्यों को अधिक व्यवस्थित करना था।
5,884 रेलवे स्टेशनों पर आयोजित हुआ रेल जन संवाद
विशेष अभियान के तहत यात्रियों की भागीदारी बढ़ाने के लिए रेल जन संवाद कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। 22 अक्टूबर 2026 को देशभर के 5,884 रेलवे स्टेशनों पर एक साथ यह कार्यक्रम हुआ। इसमें यात्रियों को वरिष्ठ रेलवे अधिकारियों के सामने अपनी समस्याएं, सुझाव और विचार रखने का अवसर मिला। इस पहल के जरिए रेलवे प्रशासन और यात्रियों के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का प्रयास किया गया।
स्वच्छता और संसाधनों के बेहतर उपयोग पर जोर
रेलवे के अनुसार, विशेष अभियान-6 के तहत स्वच्छता बनाए रखने, कबाड़ और ई-कचरे का उचित निपटान करने, खाली स्थानों का बेहतर उपयोग करने तथा लंबित मामलों को कम करने जैसे कार्यों को प्राथमिकता दी गई। इन प्रयासों का उद्देश्य रेलवे परिसरों को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाने के साथ प्रशासनिक कार्यप्रणाली में सुधार करना है।



