नई दिल्ली, राष्ट्रबाण। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर मैड संधू हत्याकांड में वांछित एक आरोपी समेत दो कथित शूटरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने खुफिया जानकारी के आधार पर दिल्ली और मुंबई में अलग-अलग अभियान चलाकर दोनों आरोपियों को पकड़ा। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जालंधर निवासी विकास ठाकुर उर्फ विक्की (25) और पंजाब के तरनतारन निवासी दीप उर्फ दीपक सिंह के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी विदेश में बैठे एक गैंगस्टर के संपर्क में थे। उनकी गिरफ्तारी से बॉलीवुड अभिनेता अमिताभ बच्चन के घर के बाहर और दिल्ली के एक कारोबारी पर रंगदारी के लिए गोलीबारी करने की कथित साजिश का खुलासा हुआ है। पुलिस का दावा है कि समय रहते कार्रवाई कर संभावित वारदात को टाल दिया गया।
अमिताभ बच्चन के घर के बाहर गोलीबारी की थी योजना
जांच में सामने आया है कि विदेश में बैठे गैंगस्टर ने अपने एक शूटर को मुंबई में अधिक समय तक रुकने का निर्देश दिया था। उसे कथित तौर पर अमिताभ बच्चन के घर के बाहर गोलीबारी करने की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। सूत्रों के मुताबिक, गैंग अभिनेता को वर्ष 1984 के सिख विरोधी दंगों से जुड़ी कथित टिप्पणियों के कारण निशाना बनाना चाहता था। हालांकि, अमिताभ बच्चन ऐसी टिप्पणियां करने से लगातार इनकार करते रहे हैं। स्पेशल सेल के डीसीपी नर्रा चैतन्य के मुताबिक, विकास ठाकुर गैंगस्टर के निर्देश पर मुंबई से दिल्ली पहुंचा था। उसे दिल्ली के एक कारोबारी पर रंगदारी के लिए गोलीबारी करनी थी। इस कथित साजिश में दीप को भी शामिल होना था। हालांकि, पुलिस ने वारदात को अंजाम दिए जाने से पहले ही विकास को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद पुलिस ने मुंबई में छिपे दीपक सिंह की तलाश शुरू की और उसे भी गिरफ्तार कर लिया।
मैड संधू हत्याकांड के बाद से फरार था दीपक
पुलिस के मुताबिक, दीप उर्फ दीपक सिंह सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और मेकअप आर्टिस्ट मैड संधू की हत्या के मामले में वांछित था। अमृतसर में 3 अक्टूबर को हुई इस हत्या के बाद से वह फरार चल रहा था और मुंबई में छिपकर रह रहा था। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि विदेश में बैठे गैंगस्टर ने उसे मुंबई में ही रुकने का निर्देश दिया था। दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब विदेश में बैठे गैंगस्टर के नेटवर्क, उसके संपर्कों और संभावित आपराधिक साजिशों की जांच कर रही है। स्पेशल सेल थाने में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है, ताकि इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और उनकी भूमिका का पता लगाया जा सके।



