छत्तीसगढ़ में पानी टैंकर हादसे में 7 वर्षीय शुभम की दर्दनाक मौत, एनएच-343 पर तीन घंटे जाम

Rashtrabaan

    बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के रामानुजगंज नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड संख्या 5 में शनिवार दोपहर एक दुखद सड़क हादसे ने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया। नगर पालिका द्वारा पेयजल आपूर्ति के लिए भेजे गए पानी के टैंकर की चपेट में आने से मात्र 7 वर्षीय मासूम शुभम की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना ने परिवार सहित स्थानीय लोगों को गहरा सदमा पहुँचाया और गुस्साए परिजनों ने राष्ट्रीय राजमार्ग-343 पर शव रखकर लगभग तीन घंटे तक सड़क जाम कर दिया। प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की समझाइश के बाद शाम को जाम समाप्त कराया गया।

    जानकारी के अनुसार, रामानुजगंज के वार्ड क्रमांक 5 के स्वीपर मोहल्ला में शनिवार को लगभग 1:30 बजे नगर पालिका के पानी टैंकर ने पेयजल वितरण के लिए पहुंचा था। इसी समय खेलते हुए बालक शुभम अचानक टैंकर की चपेट में आ गया। बचाने की कोशिशें करने के बावजूद शुभम की तत्काल मृत्यु हो गई।

    घटना की सूचना मिलने पर प्रशासनिक अधिकारी, पुलिस एवं नगर पालिका के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ), एसडीएम, तहसीलदार, एसडीओपी, थाना प्रभारी और अन्य जनप्रतिनिधि परिवार वालों से बात करने पहुंचे, लेकिन प्रारंभ में गॅुस्साए परिजन शांत नहीं हुए। उनके आक्रोश का स्वरूप तब भारी हो गया जब शव को लेकर परिजन चांदनी चौक होते हुए रंगीला चौक पहुंचे और राष्ट्रीय राजमार्ग 343 पर शव रखकर सड़क जाम कर दिया।

    जाम के कारण झारखंड से छत्तीसगढ़ आने-जाने वाले वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे यात्री और वाहन चालक दोनों ही गर्मी और परेशानी से त्रस्त रहे। भारी वाहनों की आवाजाही भी बाधित हो गयी। प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए लगातार बातचीत जारी रखी और करीब तीन घंटे बाद समझाइश से जाम खुलवाया गया।

    रामानुजगंज के अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) आनंदराम नेताम ने इस दुखद घटना पर संवेदना व्यक्त की और कहा कि शासन-प्रशासन पीड़ित परिवार के साथ हर संभव मदद के लिए तत्पर है। परिजनों ने मृतक बच्चे के परिवार के एक सदस्य को नियमित नौकरी देने की मांग की है, जिसके लिए शासन को प्रस्ताव भेजा जाएगा।

    एसडीएम ने बताया कि शासन स्तर पर नियुक्ति का निर्णय लिया जाएगा, लेकिन तत्काल राहत स्वरूप नगर पालिका परिवार के एक सदस्य को प्लेसमेंट से रोजगार उपलब्ध कराने के लिए सहमत है। जाम समाप्त होने के बाद पुलिस ने शव कब्जे में लेकर रामानुजगंज के 100-बिस्तरों वाले अस्पताल की मोर्चरी में रखा। पोस्टमार्टम शनिवार को नहीं हो सका, इसे रविवार को किया जाएगा। रामानुजगंज पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।

    Source

    error: Content is protected !!