आज रायगढ़ दौरे पर रहेंगी स्मृति ईरानी, जनजातीय गौरव दिवस की तैयारियों का लेंगी जायजा

Chhattisgarh Rashtrabaan

रायपुर। बीजेपी की प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी आज बुधवार को एक दिवसीय दौरे पर छत्तीसगढ़ पहुंचेंगी। दिल्ली से रवाना होकर वे सीधे रायपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगी। यहां से उनका काफिला रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ के लिए रवाना होगा। इस दौरान वे 15 नवंबर को आयोजित होने वाले जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेंगी और कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण करेंगी।

दौरे के दौरान स्मृति ईरानी बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के प्रस्तावित रायगढ़ दौरे को लेकर भी अहम बैठक करेंगी। वे कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा करने के साथ अधिकारियों और पार्टी नेताओं से चर्चा करेंगी। साथ ही आयोजन को सफल बनाने के लिए जरूरी दिशा-निर्देश भी देंगी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, देर रात वे वापस दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगी।

पखवाड़ेभर में स्मृति ईरानी का दूसरा छत्तीसगढ़ दौरा

प्रदेश प्रभारी का पद संभालने के बाद स्मृति ईरानी का यह दूसरा छत्तीसगढ़ दौरा है। इससे पहले वे 25 अक्टूबर को दो दिवसीय प्रवास पर प्रदेश पहुंची थीं। महज पखवाड़ेभर के भीतर उनके दूसरे दौरे को प्रदेश की राजनीतिक गतिविधियों के लिहाज से अहम माना जा रहा है।

गौरतलब है कि बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन 15 नवंबर को रायगढ़ में आयोजित होने वाले जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम में शामिल होंगे। उनके दौरे को लेकर पार्टी स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। स्मृति ईरानी का यह दौरा इसी आयोजन की तैयारियों और व्यवस्थाओं की समीक्षा के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

error: Content is protected !!