पुणे। महाराष्ट्र के पुणे शहर के बुधवार पेठ इलाके में शनिवार रात पुलिस ने एक बड़ी कार्यवाही की। पुलिस आयुक्त के निर्देश पर फरासखाना और खडक पुलिस थाने की संयुक्त टीम ने 24 मई की रात यहां सागर बिल्डिंग पर छापा मारा और अवैध रूप से भारत में रह रही छह बांग्लादेशी महिलाओं को गिरफ्तार किया।
यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त जोन 1 कृषीकेश रावळे को मिली गोपनीय सूचना पर की गई थी। पकड़ी गई सभी महिलाओं के खिलाफ जांच और कानूनी प्रक्रिया अभी जारी है।
पूछताछ में महिलाओं ने बताया कि शुरुआत में उन्हें भारत आने के लिए ब्यूटी पार्लर, सिलाई का काम और घरेलू नौकरी का लालच दिया गया था, लेकिन वे पहुंचने के बाद स्वेच्छा से इस्मत बेचने के धंधे में फंसीं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि ये महिलाएं भारत कैसे आईं, इनके परिचय और आवागमन के दस्तावेज कहां से आए, और कौन इनके साथ जुड़ा है।
गिरफ्तार महिलाओं में कल्पना कमल शेख (38), रानी रफीक शेख (42), लकी हालेंग मंडल (40), पूजा रफीक शेख (20), रूमा जानी शेख (30) और निशी शाहजहां धाली (29) शामिल हैं। सभी की पहचान बांग्लादेशी नागरिक के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक ये सभी महिलाएं बुधवार पेठ के विभिन्न इमारतों में रहकर देह व्यापार का व्यवसाय चला रही थीं।
डीसीपी जोन-1 कृषीकेश रावळे के पदभार संभालने के बाद से अवैध बांग्लादेशी महिलाओं के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा रही है। पिछले 11 महीनों में 103 अवैध बांग्लादेशी नागरिकों को पकड़कर डिपोर्ट किया जा चुका है। यह अभियान उनकी व्यक्तिगत प्राथमिकताओं में शामिल था, जिसे उन्होंने एक वर्ष के अंदर पूरा कर लिया।
पुलिस लगातार इस मुद्दे पर कड़ी नजर बनाए हुए है और इस कार्रवाई के बाद भी संदिग्ध गतिविधियों की जांच का सिलसिला जारी है।

