होटल के कमरे में चल रहा था अवैध सट्टा और जुआ, 20 गिरफ्तार; भारी नकदी, वाहन और मोबाइल जब्त

Rashtrabaan

    नोएडा के थाना सेक्टर-49 क्षेत्र में पुलिस ने जुए और सट्टेबाजी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 20 लोगों को गिरफ्तार किया है। इस गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1 लाख 62 हजार 250 रुपए नकद, 160 ताश के पत्ते, 7 दोपहिया वाहन, एक चार पहिया वाहन तथा 22 मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

    पुलिस को सूचना मिली थी कि सेक्टर-51 स्थित सनराइज होटल के एक कमरे में कुछ लोग गुप्त रूप से जुए और सट्टेबाजी में लिप्त हैं। जानकारी मिलने पर लोकल इंटेलिजेंस टीम ने मौके पर छापेमारी की और वहां मौजूद 20 लोगों को धर दबोचा।

    जांच में यह सामने आया है कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों में नोएडा, ग्रेटर नोएडा, बुलंदशहर, मथुरा, झांसी, गोरखपुर, बिहार, मध्य प्रदेश, झारखंड, राजस्थान और हरियाणा के निवासी शामिल हैं। आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे अपने-अपने वाहनों से होटल पहुंचे थे और किराये पर कमरा लेकर वहां पर नकद पैसे लगाकर सट्टा खेल रहे थे।

    पुलिस के अनुसार, इस दौरान बरामद नकदी के साथ ही जुआ खेलने के लिए उपयोग किए जाने वाले 160 ताश के पत्ते और मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। पुलिस की शुरुआती जांच में यह भी पता चला है कि मोबाइल फोन के जरिए सट्टेबाजी का एक नेटवर्क संचालित हो रहा था।

    पुलिस जांच चरण में है और यह भी जांच रही है कि उक्त होटल प्रबंधन को इन सब गतिविधियों की जानकारी थी या नहीं। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि क्या यह जगह पहले भी जुए के लिए इस्तेमाल होती रही है।

    जांच में यह बात भी सामने आई कि गिरफ्तार कुछ आरोपियों का पहले भी आपराधिक रिकॉर्ड है। इनमें सचिन गुप्ता के खिलाफ मारपीट और नुकसान पहुंचाने का मामला दर्ज है, जबकि मनोज कुमार पर सड़क दुर्घटना से संबंधित मुकदमा पहले से है।

    मोहम्मद शमीम और कपिल शर्मा के खिलाफ भी पहले जुआ अधिनियम के अंतर्गत कार्रवाई हो चुकी है। थाना सेक्टर-49 पुलिस ने अब सभी आरोपियों के विरुद्ध सार्वजनिक जुआ अधिनियम की धारा 3/4 के तहत मुकदमा पंजीकृत कर लिया है।

    पुलिस अधिकारी स्पष्ट कर रहे हैं कि जिले में अवैध जुआ और सट्टेबाजी के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसी गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। यह कार्रवाई आम जनता के हित और कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से की गई है।

    Source

    error: Content is protected !!