दक्षिण अफ्रीका की SA20 लीग की चौथी सीजन की खिलाड़ियों की नीलामी ने सबको चौंका दिया। कुल 65 करोड़ रुपये (129.3 मिलियन रैंड) खर्च हो गए, जिसमें डेवाल्ड ब्रेविस और एडेन मार्करम ने इतिहास रच दिया। ब्रेविस को प्रिटोरिया कैपिटल्स ने 16.5 मिलियन रैंड (करीब 8.3 करोड़ रुपये) में खरीदा, जो लीग का नया रिकॉर्ड है। मार्करम को डरबन सुपर जायंट्स ने 14 मिलियन रैंड (लगभग 7 करोड़ रुपये) दिए।
ब्रेविस का रिकॉर्ड तोड़ सौदा
22 साल के साउथ अफ्रीकी बल्लेबाज डेवाल्ड ब्रेविस को सौरव गांगुली की कोचिंग वाली प्रिटोरिया कैपिटल्स ने जोहानिसबर्ग सुपर किंग्स के साथ कड़ी बोली के बाद अपनी टीम में शामिल किया। ये रकम 2022 में ट्रिस्टन स्टब्स के 9.2 मिलियन रैंड के पुराने रिकॉर्ड से दोगुनी से ज्यादा है। गांगुली ने नीलामी के बाद कहा, “ब्रेविस एक कमाल के टैलेंटेड खिलाड़ी हैं। पिछले डेढ़ साल में उन्होंने खूब सुधार किया है। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ उनका खेल इसका प्रमाण है। पैसे से ज्यादा उनकी स्पिन खेलने की काबिलियत ने हमें प्रभावित किया।”
मार्करम को भी मोटा चेक
टी-20 कप्तान एडेन मार्करम को डरबन सुपर जायंट्स ने 14 मिलियन रैंड में साइन किया। सनराइजर्स ईस्टर्न केप ने राइट टू मैच कार्ड से 12.4 मिलियन रैंड की कोशिश की, लेकिन जायंट्स ने बाजी मार ली। लीग कमिश्नर ग्रीम स्मिथ ने कहा, साउथ अफ्रीकी खिलाड़ियों पर इतना निवेश देखना शानदार है। SA20 ने युवा टैलेंट को नई पहचान दी है, जो अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी फायदा देगी।
कुल खर्च और युवा सितारे
छह फ्रेंचाइजियों ने 84 खिलाड़ियों पर 129.3 मिलियन रैंड उड़ाए, जिसमें साउथ अफ्रीकी खिलाड़ियों पर 116.9 मिलियन रैंड गए। 12 अंडर-23 खिलाड़ियों पर 22.8 मिलियन रैंड खर्च हुए। किशोर तेज गेंदबाज क्वेना मफाका को डरबन ने 2.3 मिलियन रैंड में लिया। जोहानिसबर्ग सुपर किंग्स ने वियान मुल्डर को 9 मिलियन रैंड और नांद्रे बर्गर को 6.3 मिलियन रैंड में साइन किया।
कब शुरू होगी लीग?
SA20 का चौथा सीजन 26 दिसंबर 2025 से शुरू होगा और 25 जनवरी 2026 तक चलेगा। ये नीलामी लीग की लोकप्रियता को दिखाती है, जहां युवा सितारों पर फोकस बढ़ रहा है।
Read also: ED की दिल्ली-एनसीआर से चेन्नई तक छापेमारी, 346 करोड़ के हाइथ्रो पावर बैंक घोटाले में बड़ा खुलासा