मेरठ। संयुक्त प्रेस क्लब ने वर्षों से बंद पड़े प्रेस क्लब को पुनः सक्रिय करने का महत्वपूर्ण प्रयास किया है। मंगल पांडे नगर स्थित प्रेस क्लब भवन में हाल ही में बैठक आयोजित की गई, जिसमें संगठन का विस्तार किया गया और कई उच्च पदों पर महत्वपूर्ण नियुक्तियां की गईं। इस बैठक की अध्यक्षता वरिष्ठ पत्रकार राजेंद्र चौहान ने की, जबकि संचालन की जिम्मेदारी अतुल माहेशवरी ने निभाई। बैठक में वरिष्ठ पत्रकारों का सम्मान भी किया गया और उन्हें संगठन से जोड़ा गया।
संयुक्त प्रेस क्लब की बैठक में सर्वसम्मति से अतुल माहेश्वरी को अध्यक्ष, धर्मेंद्र तोमर को महामंत्री तथा लियाकत मंसूरी को कोषाध्यक्ष के रूप में नियुक्त किया गया। इसके अतिरिक्त राजेंद्र चौहान और सुशील गांधी को संरक्षक बनाया गया। वरिष्ठ उपाध्यक्ष के पदों पर अशोक टाइगर, श्रीपाल तेवतिया और रमेश सोनी को नियुक्त किया गया, जबकि उपाध्यक्ष के रूप में मदनपाल गौतम और राम भूल को चुना गया। शालू शर्मा, जाहिदा खान, पीके वर्मा और लोकेश चौहान को संगठन मंत्री बनाया गया। मंत्री पद के दायित्व सुनील शर्मा, सचिन भारती, आसिफ बॉबी, कमल प्रजापति और प्रभास रस्तोगी को सौंपे गए। सह मंत्री के रूप में वंशिका शर्मा, फिरदौस और अन्नु ठाकुर नियुक्त हुए। कानूनी सलाहकार के रूप में विजय बहादुर सिंह जिम्मेदारी संभालेंगे, मीडिया प्रभारी अमित बंसल और कार्यालय प्रभारी की जिम्मेदारी माही कश्यप को सौंपी गई। इसके अलावा, नौशाद सैफी, रवि गुप्ता, मुकुल और मदन गोपाल कार्यकारिणी सदस्य बनाए गए।
बताया गया कि प्रेस क्लब कई वर्षों से बंद पड़ा था और उसे पुनः सक्रिय करने के लिए इस बैठक में गहन विचार विमर्श हुआ। पत्रकारों की विभिन्न समस्याओं पर चर्चा की गई और उन्हें हल करने के लिए एकजुट होकर कदम उठाने का संकल्प लिया गया। निर्धारित किया गया कि आगामी मंगलवार को सभी पत्रकार कमिश्नरी पार्क में एकत्रित होंगे और जिलाधिकारी कार्यालय तक पैदल मार्च कर ज्ञापन सौंपेंगे, जिसमें उनकी समस्याओं का उल्लेख होगा। इसकी तैयारी के लिए बैठक में दो दर्जन पत्रकारों ने सक्रिय भागीदारी दिखाई। इस पहल से उम्मीद जताई जा रही है कि पत्रकारों की आवाज़ अधिक प्रभावशाली तरीके से सुनी जाएगी और उनके हितों की रक्षा होगी।

