चित्रकूट में श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, 4 की दर्दनाक मौत; 12 घायल, 7 की हालत गंभीर

Rashtrabaan News Desk
Highlights
  • झांसी-मिर्जापुर हाईवे पर तड़के 2:30 बजे हुआ हादसा, गुल्ला टूटने से अनियंत्रित होकर खाई में पलटी ट्रॉली
  • चित्रकूट में दर्शन और दीपदान कर प्रयागराज लौट रहे थे श्रद्धालु, मृतकों में छह साल का मासूम भी शामिल

चित्रकूट, राष्ट्रबाण। उत्तर प्रदेश के चित्रकूट जिले में सोमवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 12 अन्य लोग घायल हो गए। हादसा झांसी-मिर्जापुर नेशनल हाईवे पर रामनगर कस्बे के पास हुआ, जहां श्रद्धालुओं से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में पलट गई। मृतकों में छह साल का एक मासूम बच्चा भी शामिल है। घायलों में सात की हालत गंभीर बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, हादसा रैपुरा थाना क्षेत्र में पावर हाउस के पास सोमवार तड़के करीब 2:30 बजे हुआ। प्रयागराज के खीरी थाना क्षेत्र स्थित ऊंचा गांव से करीब दो दर्जन श्रद्धालु शनिवार को चित्रकूट दर्शन के लिए आए थे। उनके साथ मध्य प्रदेश के रीवा जिले में रहने वाले कुछ रिश्तेदार भी शामिल थे। रविवार देर रात चित्रकूट में दर्शन और दीपदान करने के बाद सभी ट्रैक्टर-ट्रॉली से प्रयागराज लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में ट्रैक्टर और ट्रॉली को जोड़ने वाला गुल्ला अचानक टूट गया। इससे ट्रैक्टर आगे निकल गया, जबकि ट्रॉली अनियंत्रित होकर हाईवे किनारे खाई में पलट गई। ट्रॉली में सवार श्रद्धालु उसके नीचे दब गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई।

पुलिस और स्थानीय लोगों ने चलाया राहत-बचाव अभियान

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से ट्रॉली के नीचे दबे लोगों को बाहर निकालने के लिए राहत एवं बचाव अभियान चलाया गया। सभी घायलों को एंबुलेंस के जरिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) रामनगर पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने चार लोगों को मृत घोषित कर दिया। घायलों में राजकुमारी, दिव्यांशी, रेखा, संगीता और सुनैना समेत अन्य लोग शामिल हैं। प्राथमिक उपचार के बाद सात गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

तीन मृतक रीवा और एक प्रयागराज का निवासी

पुलिस के अनुसार, हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान चाकघाट निवासी शिवांश, त्रिवेणी, छह वर्षीय नन्हे पुत्र धर्मेंद्र और ऊंचा गांव निवासी राधेकृष्ण के रूप में हुई है। मृतकों में तीन मध्य प्रदेश के रीवा जिले और एक प्रयागराज का निवासी था। रैपुरा थाना प्रभारी राम सिंह ने बताया कि हादसे में चार लोगों की मौत हुई है, जबकि 12 लोग घायल हुए हैं। गंभीर रूप से घायल सात लोगों को जिला अस्पताल भेजा गया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। इस दर्दनाक घटना के बाद मृतकों के परिवारों में शोक का माहौल है।

error: Content is protected !!