राजस्थान में पुलिस का व्यापक अभियान, 727 स्थानों पर नाकाबंदी कर हजारों वाहनों की सघन जांच

Rashtrabaan

    जयपुर। राजस्थान पुलिस ने राज्यभर में कानून व्यवस्था सुदृढ़ करने और अपराधों पर कड़ी नजर रखने के लिए हाल ही में एक व्यापक नाकाबंदी और विशेष जांच अभियान चलाया है। यह दो दिवसीय अभियान पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा के निर्देशन में राजस्थान के विभिन्न पुलिस रेंजों में प्रभावी ढंग से संचालित किया गया।

    पुलिस मुख्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, पहले दिन बीकानेर, जोधपुर और जयपुर रेंज में तथा दूसरे दिन भरतपुर, उदयपुर और कोटा रेंज में नाकाबंदी और चेकिंग कार्रवाई की गई। इस पूरे अभियान के दौरान कुल 727 स्थानों पर वाहनों तथा संदिग्ध व्यक्तियों की सघन जांच की गई।

    अभियान के दौरान करीब 16,676 दोपहिया एवं 18,795 चारपहिया वाहनों की जांच की गई जिसमें यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई। शराब का सेवन कर वाहन चलाने वाले 262 चालकों के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया जबकि हेलमेट नहीं पहनने पर 1,173 चालान, और सीट बेल्ट न लगाने पर 1,213 लोगों को जुर्माना लगाया गया। ड्राइविंग के दौरान मोबाइल फोन का उपयोग करने वाले 75 चालकों पर भी कार्रवाई हुई।

    इसके अतिरिक्त, गैर-मानक नंबर प्लेट और काली फिल्म लगे वाहनों के खिलाफ भी कारवाई की गई। खराब या अव्यवस्थित नंबर प्लेट वाले 857 मामले रिपोर्ट किए गए तथा टिंटेड शीशों या काली फिल्म वाले 739 वाहन जब्त किए गए। इस तरह कुल मोटर व्हीकल एक्ट के तहत 7,185 मामले दर्ज किए गए, जिनमें जोधपुर रेंज में 1,633, उदयपुर में 1,583, जयपुर में 1,094, बीकानेर में 954, भरतपुर में 986 और कोटा में 935 मामले शामिल हैं।

    यातायात नियमों के अतिरिक्त पुलिस ने अवैध हथियार, नशीले पदार्थ, अवैध शराब और खनन के खिलाफ भी प्रभावी कार्रवाई की है। आबकारी अधिनियम के तहत 53 FIR दर्ज की गईं, वहीं आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट के तहत भी 10-10 FIR दर्ज की गईं। राष्ट्रीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 106 के अनुसार आठ वाहन जब्त किए गए।

    इस अभियान में कुल 89 लोगों को गिरफ्तार किया गया तथा 161 को हिरासत में लेकर जांच जारी है। कोटा रेंज में अवैध हथियारों के छह मामले सामने आए और लगभग 200 लीटर देसी शराब जब्त की गई। अवैध खनन एवं परिवहन के खिलाफ पुलिस ने भी कठोर कार्रवाई करते हुए लगभग 75 टन काली बजरी के साथ चार डंपर, चार ट्रैक्टर, तीन पिकअप और तीन ट्रेलर जब्त किए हैं।

    पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा ने कहा है कि नागरिक सुरक्षा और अपराध नियंत्रण हेतु ऐसे अभियान भविष्य में भी पूरे प्रदेश में निरंतर चलाए जाएंगे। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जाए और अपराधियों के खिलाफ तुरंत कारवाई सुनिश्चित की जाए, जिससे आमजन की सुरक्षा और कानून व्यवस्था मजबूत हो सके।

    –आईएएनएस

    एएमटी/डीकेपी

    Source

    error: Content is protected !!