भोपाल। मध्य प्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड (एमपीईजेड) द्वारा अप्रेंटिस एक्ट, 1961 के तहत ग्रेजुएट एवं तकनीकी (डिप्लोमा) अप्रेंटिस पदों पर भर्ती के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इस भर्ती में कुल 72 पद खाली हैं, जिन पर योग्य और इच्छुक युवा तत्काल आवेदन कर सकते हैं। एमपीईजेड ने यह अवसर केवल मध्य प्रदेश के मूल निवासियों के लिए रखा है, जिससे प्रदेश के युवाओं को रोजगार के अवसर मिल सकें।
इन पदों में ग्रेजुएट इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग के 22, ग्रेजुएट सिविल इंजीनियरिंग के 3, ग्रेजुएट वाणिज्य एवं लेखा संकाय के 13, तकनीकी डिप्लोमा इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग के 14, तकनीकी डिप्लोमा सिविल इंजीनियरिंग के 5 और ग्रेजुएट आईटी/कंप्यूटर साइंस के 17 पद शामिल हैं। सभी पदों के लिए आवेदन प्रक्रिया ऑफलाइन माध्यम से शुरू हो चुकी है, तथा आवेदन करने की अंतिम तिथि 25 मई निर्धारित की गई है।
इच्छुक उम्मीदवार एमपीईजेड की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर नोटिफिकेशन डाउनलोड कर सकते हैं। आवेदन फॉर्म भरने के बाद आवश्यक दस्तावेजों के साथ इसे निर्धारित पते पर डाक द्वारा भेजना आवश्यक है। आवेदन का पूरा प्रोसेस तभी मान्य होगा जब उम्मीदवार पहले एनएटीएस अप्रेंटिसशिप पोर्टल पर अपना प्रोफ़ाइल बनाकर रजिस्ट्रेशन कर लें।
पदों के अनुसार शैक्षिक योग्यता में बीई/बीटेक, बीकॉम, डिप्लोमा (इलेक्ट्रिकल या सिविल इंजीनियरिंग), या कंप्यूटर साइंस एवं आईटी विषय शामिल हैं। उम्मीदवार की आयु न्यूनतम 18 वर्ष और अधिकतम 30 वर्ष होनी चाहिए, हालांकि आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को आयु सीमा में छूट प्रदान की जाएगी।
एमपीईजेड द्वारा योग्य उम्मीदवारों का चयन मेरिट लिस्ट के आधार पर किया जाएगा, इसके बाद मेडिकल फिटनेस और दस्तावेजों की सत्यापन प्रक्रिया पूरी होगी। चयनित ग्रेजुएट अप्रेंटिस को प्रतिमाह ₹12,300 और तकनीकी अप्रेंटिस को ₹10,900 स्टाइपेंड मिलेगा।
यह भर्ती प्रदेश के युवाओं के लिए सुनहरा अवसर है, जिन्हें अपने करियर की शुरुआत मजबूत करना है। जल्दी और सही दस्तावेजों के साथ आवेदन करना न भूलें, क्योंकि अंतिम तिथि नजदीक है। अधिक जानकारी के लिए एमपीईजेड की आधिकारिक वेबसाइट अवश्य देखें।

