बालाघाट : सियासत और खाकी में भूचाल… खाकी पर दाग, खतरे में साख!

Rashtrabaan
Highlights
  • पूर्व विधायक किशोर समरिते का सनसनीखेज खुलासा
  • तत्कालीन एसपी आदित्य मिश्रा पर एथेनॉल मालिकों से 40-40 लाख वसूली और 4.5 करोड़ के सफाई चंदा घोटालेका आरोप
  • नक्सल सरेंडर और पूर्व मंत्री को टारगेट करने पर भी उठाए सवाल, CBI जांच की मांग

    बालाघाट, राष्ट्रबाण। मध्य प्रदेश के नक्सल प्रभावित जिले बालाघाट की राजनीति और प्रशासनिक गलियारों में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब लांजी के पूर्व विधायक किशोर समरिते ने जिले के तत्कालीन पुलिस अधीक्षक आदित्य मिश्रा के कार्यकाल को लेकर बेहद गंभीर और चौंकाने वाले आरोप लगाए। वरिष्ठ पत्रकार आशीष भैरम द्वारा एक विशेष इंटरव्यू के दौरान पूर्व विधायक ने न केवल पुलिस महकमे की कार्यप्रणाली पर सवालिया निशान खड़े किए, बल्कि करोड़ों रुपये के कथित लेन-देन, चंदा वसूली और राजनीतिक प्रतिशोध की परतें भी उधेड़ कर रख दीं। समरिते के इन बेबाक बयानों के बाद पूरे जिले में सियासी पारा सातवें आसमान पर पहुंच गया है और उन्होंने इन तमाम मामलों की केंद्रीय जांच ब्यूरो यानी सीबीआई से निष्पक्ष जांच कराने की पुरजोर मांग की है।

    एथेनॉल कंपनी मालिकों से 40-40 लाख रुपये की कथित वसूली का आरोप

    वरिष्ठ पत्रकार आशीष भैरम के सीधे सवालों का जवाब देते हुए पूर्व विधायक किशोर समरिते ने आरोप लगाया कि तत्कालीन एसपी आदित्य मिश्रा के कार्यकाल में कानून-व्यवस्था की आड़ में बड़े पैमाने पर अवैध उगाही की गई। समरिते ने दावा किया कि जिले में संचालित एथेनॉल कंपनियों के एक-एक मालिक से 40-40 लाख रुपये का चंदा वसूला गया। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर किस नियम और किस अधिकार के तहत पुलिस विभाग द्वारा उद्योगपतियों से इतनी भारी-भरकम राशि ली गई? पूर्व विधायक ने इसे सीधे तौर पर पद के दुरुपयोग और भ्रष्टाचार का मामला बताते हुए कहा कि इसकी उच्च स्तरीय जांच होने पर कई बड़े चेहरों के बेनकाब होने की पूरी संभावना है।

    स्कूलों की सफाई के नाम पर साढ़े चार करोड़ का चंदा, फंड का हिसाब कहां?

    इंटरव्यू के दौरान समरिते ने एक और बड़े वित्तीय अनियमितता के मामले की ओर इशारा करते हुए स्कूल सफाई अभियान की आड़ में हुए कथित चंदा घोटाले का पर्दाफाश किया। उन्होंने आरोप लगाया कि स्कूलों की साफ-सफाई और व्यवस्था सुधारने के नाम पर आम लोगों, व्यापारियों और अन्य स्रोतों से लगभग साढ़े चार करोड़ रुपये से अधिक का चंदा जुटाया गया। पूर्व विधायक ने तल्ख लहजे में सवाल दागा कि जब जमीनी स्तर पर स्कूलों की साफ-सफाई का काम पुलिसकर्मियों और जवानों से ही करवाया गया, तो फिर चंदे के रूप में इकट्ठा किया गया वह साढ़े चार करोड़ रुपये से ज्यादा का भारी-भरकम फंड आखिर कहां गया? उन्होंने कहा कि जनता की गाढ़ी कमाई और जनसहयोग के नाम पर जुटाए गए इस पैसे का कोई पारदर्शी हिसाब-किताब सार्वजनिक नहीं किया गया है, जो सीधे तौर पर बड़े घोटाले की ओर इशारा करता है।

    गृह मंत्रालय के 100 करोड़ के फंड से नक्सलियों को पैसे देकर करवाया गया सरेंडर

    बालाघाट जिले के सबसे संवेदनशील मुद्दे यानी नक्सलवाद और नक्सल विरोधी अभियानों पर पत्रकार आशीष भैरम द्वारा पूछे गए सवालों पर किशोर समरिते ने बेहद विस्फोटक बयान दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि नक्सल उन्मूलन के नाम पर सरकार और सिस्टम की आंखों में धूल झोंकी गई है। समरिते ने दावा किया कि केंद्रीय गृह मंत्रालय द्वारा नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के लिए भेजे गए 100 करोड़ रुपये से अधिक के विशेष फंड का दुरुपयोग करते हुए नक्सलवादियों को करोड़ों रुपये देकर उनका आत्मसमर्पण करवाया गया। उन्होंने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि यह राशि नक्सलियों और उनके बड़े नेताओं के बीच बांटी गई, ताकि कागजों पर नक्सल विरोधी अभियानों की बड़ी सफलता दिखाई जा सके। इस बयान ने सुरक्षा एजेंसियों और पुलिस की कार्रवाई की साख पर गंभीर बहस छेड़ दी है।

    पूर्व मंत्री रामकिशोर कावरे को टारगेट करने और परिवार को प्रताड़ित करने का आरोप

    राजनीतिक षड्यंत्रों पर बात करते हुए पूर्व विधायक किशोर समरिते ने मध्य प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री रामकिशोर कावरे के खिलाफ हुई कार्रवाई को भी एक सोची-समझी साजिश करार दिया। समरिते ने स्पष्ट शब्दों में आरोप लगाया कि एथेनॉल कंपनी के मालिकों को बचाने और अपने हित साधने के लिए तत्कालीन एसपी आदित्य मिश्रा द्वारा जानबूझकर पूर्व मंत्री रामकिशोर कावरे को टारगेट किया गया। इतना ही नहीं, उन पर दबाव बनाने के लिए उनके परिवार को भी अनावश्यक रूप से परेशान और प्रताड़ित किया गया। उन्होंने कहा कि एक जनप्रतिनिधि और पूर्व मंत्री के साथ इस तरह का व्यवहार लोकतांत्रिक व्यवस्था के खिलाफ है और यह दर्शाता है कि किस तरह प्रशासनिक ताकत का इस्तेमाल राजनीतिक हिसाब चुकता करने और पूंजीपतियों को संरक्षण देने के लिए किया गया।

    पूर्व विधायक ने की सीबीआई जांच की मांग

    इंटरव्यू के अंत में पूर्व विधायक किशोर समरिते ने स्पष्ट कहा कि यह मामला केवल स्थानीय स्तर की जांच से सुलझने वाला नहीं है, क्योंकि इसमें बड़े पदों पर बैठे अधिकारी और करोड़ों रुपये का लेन-देन शामिल है। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार से मांग की है कि एथेनॉल कंपनियों से हुई कथित वसूली, स्कूल सफाई अभियान के साढ़े चार करोड़ रुपये के चंदे, नक्सल सरेंडर फंड के बंटवारे और पूर्व मंत्री के परिवार को प्रताड़ित करने के पूरे घटनाक्रम की तत्काल सीबीआई जांच कराई जाए।

    फिलहाल, पूर्व विधायक के इन सनसनीखेज आरोपों के बाद बालाघाट की राजनीति में भूचाल आ गया है। इस खुलासे को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है, अब सभी की निगाहें प्रशासन, सरकार और पूर्व एसपी आदित्य मिश्रा के पक्ष पर टिकी हुई हैं की इन आरोपो पर वह क्या कहते है, उनकी प्रतिक्रिया क्या होगी यह भविष्य ही बताएगा।

    Read Also : चक्रवात अकवान का ओडिशा तट पर लैंडफॉल, 3.72 लाख लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया

    error: Content is protected !!