रायपुर : राहुल गांधी के डिबेट चैलेंज और SIR के मुद्दे पर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह द्वारा संसद का विशेष सत्र बुलाने की पेशकश को लेकर छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कांग्रेस पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि जनता राहुल गांधी को नकार चुकी है और उन्हें 100 से अधिक बार चुनावी हार का सामना करना पड़ा है। अब वे अपना राजनीतिक कद बढ़ाने के लिए बहस की बात कर रहे हैं।
ओपी चौधरी ने कहा कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने राहुल गांधी को जॉइंट पार्लियामेंट या विशेष सत्र में चर्चा का प्रस्ताव दिया है। हालांकि, उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी इस चर्चा से दूर भागेंगे और केवल अपनी राजनीतिक छवि चमकाने के लिए डिबेट की मांग कर रहे हैं।
5 लाख पीपल के पेड़ लगाने का लक्ष्य
मंत्री ओपी चौधरी ने रायपुर को ‘पीपल सिटी’ के रूप में विकसित करने की योजना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने मंगलवार को ‘विकसित भारत संकल्प पीपल वन’ का लोकार्पण किया था। इसके तहत अब 5 लाख पीपल के पेड़ लगाने का लक्ष्य रखा गया है।
उन्होंने बताया कि पहले एक लाख पीपल के पेड़ लगाने की योजना थी, लेकिन अब इस लक्ष्य को बढ़ाकर पांच लाख कर दिया गया है।
वंदे मातरम के अधूरे गायन पर नोटिस
रायगढ़ के एक कॉलेज में वंदे मातरम का पूरा गायन नहीं होने के मामले पर भी वित्त मंत्री ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि कॉलेज में वंदे मातरम का अधूरा गायन हुआ था, जिसके बाद इसे पूरा कराया गया। मामले में कलेक्टर ने प्रशासनिक सख्ती बरतते हुए नोटिस जारी किया है।
ओपी चौधरी ने लोगों से वंदे मातरम एक्ट का पालन करने और इस संबंध में निर्धारित नियमों के अनुरूप व्यवहार करने की अपील की।
नक्सलवाद खत्म होने के बाद बस्तर में विकास की नई संभावनाएं
बस्तर के विकास को लेकर मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने छत्तीसगढ़ राज्य का गठन कर प्रदेश को बड़ी सौगात दी थी। इसके लिए प्रदेशवासी उनके आभारी हैं।
उन्होंने कहा कि नक्सलवाद समाप्त होने के बाद बस्तर में विकास की नई संभावनाएं खुली हैं। आने वाले समय में बस्तर पर्यटन के बड़े केंद्र के रूप में विकसित होगा और प्रदेश की अर्थव्यवस्था व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
इस दौरान उन्होंने कांग्रेस पर भी निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि पार्टी ने छत्तीसगढ़ के हित में राज्य निर्माण का निर्णय नहीं लिया था।


