महादेव सट्टा केस में CM साय का बड़ा बयान, सौरभ चंद्राकर से पूछताछ में होंगे कई अहम खुलासे

Chhattisgarh Rashtrabaan

    रायपुर : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज जशपुर में आयोजित ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा में शामिल होंगे। जशपुर रवाना होने से पहले मुख्यमंत्री ने महादेव ऑनलाइन सट्टा मामले, अमित जोगी के बयान और कांग्रेस के आरोपों पर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि इस मामले के मुख्य आरोपी सौरभ चंद्राकर को विदेश से भारत लाया गया है। उससे पूछताछ में कई लोगों के नाम सामने आने की संभावना है।

    अमित जोगी पर सीएम साय का निशाना

    अमित जोगी द्वारा सौरभ चंद्राकर को हीरो बताए जाने पर मुख्यमंत्री साय ने निशाना साधा। उन्होंने कहा कि यह उनकी सोच का परिणाम है। जैसी उनकी सोच है, उसी के अनुरूप वे अपनी क्वालिटी बता रहे हैं।

    कांग्रेस पर साधा निशाना

    ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा को लेकर कांग्रेस की ओर से लगाए गए आरोपों पर सीएम साय ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को सबसे बड़ा खतरा कांग्रेस और इंडी गठबंधन के लोगों से है।

    मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने अपने स्वार्थ के लिए लोकतंत्र की हत्या की और देश में आपातकाल लगाया। गैर-कांग्रेसी नेताओं को जेल में डाला गया और मीडिया की स्वतंत्रता को कुचलने का प्रयास किया गया। उन्होंने कहा कि जनता द्वारा चुनी गई सरकारों को संविधान के अनुच्छेद 356 का दुरुपयोग कर बर्खास्त किया गया।

    हारने पर संवैधानिक संस्थाओं पर उठाती है सवाल

    सीएम साय ने कहा कि कांग्रेस जब लोकतंत्र की बात करती है तो यह हास्यास्पद लगता है। उनके मुताबिक, कांग्रेस चुनाव हारने पर संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाती है, जबकि जीत मिलने पर इसे जनता का जनादेश बताती है।

    मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता को जागरूक करने के उद्देश्य से जशपुर में पदयात्रा का आयोजन किया जा रहा है।

    error: Content is protected !!