फिल्म ‘किंग’ के गाने पर विवाद, दीपिका की भगवा ड्रेस पर भाजपा विधायक ने जताई आपत्ति

Rashtrabaan News Desk
Highlights
  • गाने में दीपिका पादुकोण की भगवा पोशाक पर भाजपा विधायक रविंदर सिंह नेगी ने जताई नाराजगी, दृश्य हटाने की मांग
  • विधायक ने चेतावनी दी कि बदलाव नहीं होने पर देशभर में होंगे विरोध प्रदर्शन, तीन साल पुराने 'बेशरम रंग' विवाद की फिर हुई चर्चा

    नई दिल्ली, राष्ट्रबाण। अभिनेता शाहरुख खान की आगामी फिल्म ‘किंग’ रिलीज से पहले ही विवादों में आ गई है। फिल्म के एक गाने में अभिनेत्री दीपिका पादुकोण की भगवा रंग की पोशाक को लेकर आपत्ति जताई गई है। दिल्ली के पटपड़गंज से भाजपा विधायक रविंदर सिंह नेगी ने इस दृश्य पर नाराजगी जाहिर करते हुए इसे गाने से हटाने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि ऐसा नहीं किया गया तो देशभर में विरोध प्रदर्शन किए जाएंगे। दरअसल, फिल्म के गाने ‘तू मिल जाए’ में दीपिका पादुकोण भगवा रंग की ड्रेस पहने नजर आ रही हैं। विधायक रविंदर सिंह नेगी ने इस पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि फिल्म में भगवा रंग का इस्तेमाल धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला है। उन्होंने कहा कि भारतीय दर्शकों से मिलने वाली लोकप्रियता और कमाई के बीच कलाकारों को देश की धार्मिक और सांस्कृतिक भावनाओं का भी ध्यान रखना चाहिए। विधायक ने दीपिका की पोशाक और गाने में उनके नृत्य के तरीके पर भी आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि संबंधित दृश्य में बदलाव नहीं किया गया तो देश के अलग-अलग हिस्सों में विरोध प्रदर्शन किए जाएंगे।

    ‘पठान’ के विवाद की भी हुई चर्चा

    यह मामला करीब तीन साल पहले रिलीज हुई शाहरुख खान की फिल्म ‘पठान’ के गाने ‘बेशरम रंग’ की याद दिला रहा है। उस समय भी दीपिका पादुकोण की भगवा रंग की पोशाक को लेकर विवाद हुआ था। कई हिंदू संगठनों ने इसका विरोध किया था। मौजूदा मामले में भी विधायक रविंदर सिंह नेगी ने पुराने विवाद का जिक्र करते हुए दोनों घटनाओं की तुलना की है। इसके अलावा विधायक ने अभिनेत्री दीया मिर्जा की दिवाली पर पटाखे नहीं जलाने की अपील का भी उल्लेख किया। उन्होंने धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं को लेकर अलग-अलग रवैया अपनाए जाने पर सवाल उठाए। फिलहाल इस विवाद पर शाहरुख खान और दीपिका पादुकोण की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। वहीं, गाने के संबंधित दृश्य को हटाने या उसमें बदलाव करने को लेकर भी कोई आधिकारिक जानकारी नहीं मिली है।

    error: Content is protected !!