न्याय का रास्ता कभी न छोड़ें, पीएम मोदी ने संस्कृत श्लोक के जरिए दिया देश को संदेश

Rashtrabaan News Desk
Highlights
  • एक संस्कृत श्लोक साझा कर पीएम मोदी ने बताया सत्पुरुषों का असली गुण, काम-क्रोध से मुक्त रहने का दिया संदेश
  • पावली के अवसर पर राष्ट्रपति मुर्मु से मिले प्रधानमंत्री, बस्तर में जवानों के साथ भी मनाया त्योहार

नई दिल्ली, राष्ट्रबाण। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक संस्कृत श्लोक साझा कर देशवासियों को समानता, निष्पक्षता और न्याय का संदेश दिया। उन्होंने श्लोक के माध्यम से बताया कि सच्चा सत्पुरुष वही होता है, जो सभी प्राणियों को समान दृष्टि से देखता है, कामना और क्रोध से मुक्त रहता है तथा जीवन में कभी न्याय का मार्ग नहीं छोड़ता। प्रधानमंत्री की इस पोस्ट को नैतिक मूल्यों और आदर्श आचरण का महत्वपूर्ण संदेश माना जा रहा है।

संस्कृत श्लोक के जरिए समझाया सत्पुरुषों का गुण

प्रधानमंत्री मोदी ने अपनी पोस्ट में लिखा, “समाः सर्वेषु भूतेषु कामक्रोधविवर्जिताः। न्यायमार्गं न मुञ्चन्ति ते वै सत्पुरुषाः स्मृताः।” इस श्लोक का भावार्थ है कि जो व्यक्ति सभी प्राणियों के प्रति समान भाव रखते हैं, कामना और क्रोध से दूर रहते हैं तथा न्याय के रास्ते से कभी विचलित नहीं होते, उन्हें ही वास्तव में सत्पुरुष कहा जाता है। इस संदेश के जरिए प्रधानमंत्री ने समाज में समानता, संयम और निष्पक्षता जैसे मूल्यों को अपनाने पर जोर दिया।

दीपावली के बाद सोशल मीडिया पर साझा किया संदेश

प्रधानमंत्री की यह पोस्ट दीपावली के एक दिन बाद सोमवार को सामने आई। इससे पहले रविवार को उन्होंने नई दिल्ली स्थित राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात की थी और उन्हें दीपावली की शुभकामनाएं दी थीं। राष्ट्रपति भवन की ओर से भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इस मुलाकात की जानकारी साझा की गई थी। इससे पहले उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने भी राष्ट्रपति मुर्मु से मुलाकात कर उन्हें दीपावली की बधाई दी थी।

राष्ट्रपति मुर्मु ने देशवासियों के सुख-समृद्धि की कामना की

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने दीपावली के अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए सभी के अच्छे स्वास्थ्य, सुख और समृद्धि की कामना की थी। उन्होंने उम्मीद जताई कि भारतीय मूल्यों और आदर्शों से प्रेरित देश के युवा विकसित भारत के निर्माण में पूरे उत्साह और समर्पण के साथ अपना योगदान देंगे।

वीडियो संदेश में पीएम मोदी ने दी दीपावली की शुभकामनाएं

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को वीडियो संदेश के माध्यम से भी देशवासियों को दीपावली की शुभकामनाएं दी थीं। उन्होंने सभी के जीवन में शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इसके बाद प्रधानमंत्री ने छत्तीसगढ़ के बस्तर में सुरक्षाकर्मियों के साथ दीपावली का त्योहार मनाया और जवानों के बीच समय बिताया।

बस्तर में जवानों के साथ मनाई दीपावली, नक्सलवाद पर कही बड़ी बात

बस्तर में सुरक्षाकर्मियों को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा था कि माओवादी आतंक और नक्सली खतरे का समाप्त होना सही नीतियों और मजबूत राजनीतिक इच्छाशक्ति की जीत है। उन्होंने इस उपलब्धि को देश की सुरक्षा और विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया। इसके अलावा प्रधानमंत्री ने पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और उनके परिवार से भी मुलाकात की तथा उन्हें दीपावली की शुभकामनाएं दीं।

error: Content is protected !!