दीपावली की खुशियां मातम में बदलीं: आग और पटाखों के हादसों में 24 की मौत, कटनी-सिवनी में तीन परिवार उजड़े

Rashtrabaan News Desk
Highlights
  • महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश में सबसे भीषण हादसे, आग की चपेट में आए मकानों में परिवारों ने गंवाई जान
  • पटाखों की चिंगारी और आग बनी काल, कई शहरों में दीपावली की रात मची अफरा-तफरी

नई दिल्ली, राष्ट्रबाण। दीपावली के त्योहार पर जहां देशभर में खुशियों और रोशनी का माहौल था, वहीं कई राज्यों में आग और पटाखों से हुए दर्दनाक हादसों ने त्योहार की खुशियों को मातम में बदल दिया। महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, दिल्ली, राजस्थान और ओडिशा में अलग-अलग घटनाओं में कम से कम 24 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग घायल हुए हैं। सबसे दर्दनाक घटनाएं महाराष्ट्र के धाराशिव और मध्य प्रदेश के कटनी व सिवनी में सामने आईं, जहां तीन परिवारों के कुल 18 सदस्यों की जान चली गई।

महाराष्ट्र के धाराशिव जिले के येडशी गांव में दीपावली की रात करीब ढाई बजे एक किराना दुकान में आग लग गई। दुकान के ऊपर बने मकान में करंडे परिवार रहता था। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में परिवार के छह सदस्यों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान उत्तम करंडे, चंद्रकला, गोविंद, ज्योति, गायत्री और सिद्धि के रूप में हुई है। वहीं, एक महिला को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।

कटनी और सिवनी में उजड़ गए परिवार

मध्य प्रदेश के कटनी जिले के बरही में तीन मंजिला इमारत में भीषण आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। आग की चपेट में आने से पूरन अग्रवाल के परिवार के छह सदस्यों की मौत हो गई। मृतकों में तीन बच्चे भी शामिल हैं। इस घटना से पूरे इलाके में शोक का माहौल है।

वहीं, सिवनी जिले के छपारा में सर्राफा व्यापारी कुंदन सोनी के मकान में आग लगने से छह लोगों की जान चली गई। हादसे के दौरान चार लोगों को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। लगातार सामने आ रही इन घटनाओं ने त्योहार के बीच सुरक्षा व्यवस्था और आग से बचाव के इंतजामों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

दिल्ली, उज्जैन, राजस्थान और ओडिशा में भी हादसे

दिल्ली के नरेला इलाके में अनार पटाखा जलाते समय हुए विस्फोट में एक बच्चे की मौत हो गई। पटाखे का एक टुकड़ा बच्चे के सीने में जा लगा, जिससे उसकी जान चली गई। मध्य प्रदेश के उज्जैन में एक हार्डवेयर की इमारत में आग लगने से बुजुर्ग मोहनलाल गंभीर रूप से झुलस गए। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। इसी तरह राजस्थान के पाली में पटाखों की दुकान में आग लगने से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति घायल हो गया। ओडिशा के कटक में सोमवार सुबह एक मकान में आग लगने की घटना सामने आई। इस हादसे में सात वर्षीय बच्चे की मौत हो गई, जबकि एक बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए। इन घटनाओं ने एक बार फिर दीपावली के दौरान पटाखों के इस्तेमाल और आग से बचाव को लेकर सतर्कता बरतने की जरूरत को उजागर किया है। रोशनी और खुशियों के इस पर्व पर कई परिवारों के घरों में ऐसा अंधेरा छा गया, जिसकी भरपाई कभी नहीं हो सकेगी।

error: Content is protected !!