सिवनी : पुलिस का ऑपरेशन सुरक्षा चक्र, मजनुओं और अवारागर्दों पर शिकंजा

Rashtrabaan
Highlights
  • एएसपी दीपक मिश्रा ने मैदान में उतरकर दी दुकानदारों को सख्त चेतावनी

सिवनी, राष्ट्रबाण। शहर में छात्राओं, छात्राओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सिवनी पुलिस ने एक बेहद सख्त और त्वरित अभियान की शुरुआत की है। ऑपरेशन सुरक्षा चक्र के तहत आज पुलिस महकमे ने सीधे धरातल पर उतरकर स्कूल-कॉलेजों के आसपास मंडराने वाले मनचलों, आवारा तत्वों और बिना वजह अड्डेबाजी करने वालों की नकेल कस दी है। इस विशेष अभियान की कमान खुद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक मिश्रा ने संभाली। पुलिस टीम ने शहर के उन तमाम इलाकों का औचक निरीक्षण किया, जहां से रोजाना हजारों छात्र-छात्राएं गुजरते हैं।

सुबह 10-11 और शाम 4-5 बजे नो मजनू जोन का फरमान

ऑपरेशन सुरक्षा चक्र का मुख्य उद्देश्य स्कूल और कॉलेज आने-जाने वाली छात्राओं के लिए पूरी तरह सुरक्षित माहौल तैयार करना है। इसके तहत पुलिस प्रशासन ने समय सीमा निर्धारित करते हुए कड़े कदम उठाए हैं। सुबह 10:00 से 11:00 बजे (स्कूल-कॉलेज खुलने के समय) और शाम 4:00 से 5:00 बजे (छुट्टी के समय) में शैक्षणिक संस्थानों के रास्तों में पड़ने वाली चाय की चुस्कियों, नाश्ते के ठेलों और चाट की दुकानों के संचालकों को सख्त लहजे में हिदायत दी गई है की इन तय घंटों के दौरान किसी भी दुकान या ठेले पर अवयस्क या मनचले लड़के बेवजह खड़े नहीं दिखेंगे।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक मिश्रा का कड़ा रुख

मोर्चा संभालते हुए एएसपी दीपक मिश्रा ने खुद शहर के प्रमुख स्कूल-कॉलेज मार्गों पर दुकानों और ठेलों पर पहुंचकर दुकानदारों से सीधा संवाद किया और कानून का पाठ पढ़ाया। दुकानदारी चलाना आपका अधिकार है, लेकिन आपकी दुकान आवारागर्दी या छात्राओं से छेड़छाड़ का अड्डा नहीं बननी चाहिए। यदि तय समय में कोई लड़का बिना किसी वाजिब कारण के दुकान पर खड़ा मिला या झुंड बनाकर जमावड़ा लगाया, तो कार्रवाई सिर्फ उस पर नहीं, बल्कि शह देने वाले दुकानदार पर भी होगी। ASP दीपक मिश्रा ने दुकानदारों को स्पष्ट निर्देश दिए, भीड़ हटाइए या पुलिस को बताइए।

पुलिस प्रशासन ने दुकानदारों की जवाबदेही तय करते हुए स्कूल और कॉलेज के मुख्य समय में बेवजह खड़े लड़कों को तुरंत दुकान से दूर जाने को कहें है। यदि कोई युवक बात नहीं मानता या विवाद करता है, तो तुरंत इसकी सूचना पुलिस को या डायल 112 पर संपर्क करें। समझाइश के बावजूद यदि किसी दुकान पर लगातार मनचलों का जमावड़ा पाया गया, तो संबंधित दुकान के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

मनचलों में हड़कंप, अभिभावकों में राहत की लहर

पुलिस के इस तेजतर्रार अवतार और सड़कों पर अचानक बढ़ी मुस्तैदी से शहर के आवारा तत्वों में हड़कंप मच गया है। जो मजनू चाय-चाट की दुकानों पर घंटों बैठकर कमेंटबाजी और घूरने का काम करते थे, वे पुलिस की सायरन सुनते ही रफूचक्कर होते नजर आएंगे। वहीं दूसरी ओर, सिवनी पुलिस की इस पहल का पालकों और छात्राओं को राहत मिलेगी। अभिभावकों का कहना है कि स्कूल-कॉलेज की छुट्टी के समय चाय और नाश्ते की दुकानों पर लड़कों का बेवजह जमावड़ा हमेशा चिंता का विषय बना रहता था। ऑपरेशन सुरक्षा चक्र से बेटियों को एक सुरक्षित माहौल मिलेगा और वे निडर होकर पढ़ाई पर ध्यान दे सकेंगी।

पुलिस का साफ संदेश, ढिलाई बर्दाश्त नहीं

सिवनी पुलिस ने स्पष्ट कर दिया है कि यह अभियान केवल एक दिन की औपचारिकता नहीं है। आने वाले दिनों में पुलिस भी इन इलाकों में लगातार निगरानी करेंगी। नियम तोड़ने वालों के खिलाफ न केवल चालानी कार्रवाई होगी, बल्कि शांति भंग करने की धाराओं में मामला दर्ज किया जाएगा।

error: Content is protected !!