सिवनी, राष्ट्रबाण। सिवनी जिले में कथित सफेद पाउडर के अवैध कारोबार को लेकर एक बार फिर चर्चाओं का बाजार गर्म है। इस नेटवर्क पर कार्रवाई को लेकर पुलिस की गतिविधियां सुर्खियों में हैं। सूत्रों के हवाले से खबर है कि पुलिस ने दो दिन पूर्व तीन युवकों को हिरासत में लिया है। बताया जा रहा है कि हिरासत में लिए गए युवकों का संबंध कथित तौर पर सफेद पाउडर के कारोबार से जुड़े नेटवर्क से हो सकता है। इस मामले में जैद और नियाज नाम के युवकों को हिरासत में लिए जाने की चर्चाएं भी सामने आ रही हैं। हालांकि, पुलिस की ओर से अब तक इन चर्चाओं की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
तीन युवक हिरासत में, लेकिन कार्रवाई का खुलासा नहीं!
सूत्रों की मानें तो पुलिस की इस कार्रवाई में तीन युवकों को पकड़ा गया है। इनमें जैद और नियाज के नाम चर्चा में हैं। बताया जा रहा है कि ये युवक कथित तौर पर सफेद पाउडर के कारोबार से जुड़े हमीम के नेटवर्क में पैडलर के रूप में काम करते थे। हालांकि, यह जानकारी फिलहाल सूत्रों के हवाले से सामने आई है। पुलिस ने न तो हिरासत में लिए गए युवकों की पहचान सार्वजनिक की है और न ही उनकी भूमिका को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी दी है।
यही वजह है कि पूरे मामले को लेकर कई तरह के सवाल खड़े हो रहे हैं। यदि पुलिस ने वास्तव में तीन युवकों को हिरासत में लिया है, तो अब तक उनकी गिरफ्तारी अथवा पूछताछ के संबंध में कोई स्पष्ट जानकारी सामने क्यों नहीं आई? क्या पुलिस किसी बड़े नेटवर्क तक पहुंचने के लिए गोपनीय तरीके से जांच कर रही है या फिर कार्रवाई को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है?
हमीम के नेटवर्क पर कार्रवाई की चर्चा, असली सरगना तक पहुंचेगी जांच?
सफेद पाउडर के कथित कारोबार को लेकर हमीम का नाम भी चर्चाओं में बताया जा रहा है। सूत्रों का दावा है कि हिरासत में लिए गए युवक इसी नेटवर्क से जुड़े हो सकते हैं। यदि जांच में यह बात प्रमाणित होती है तो पुलिस के सामने केवल कुछ युवकों से पूछताछ करने की नहीं, बल्कि पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने की चुनौती होगी।
आखिर इस कथित कारोबार के पीछे कौन लोग हैं? माल कहां से आता है? इसकी सप्लाई किन इलाकों में की जाती है? इस नेटवर्क को आर्थिक संरक्षण कौन देता है? और सबसे बड़ा सवाल यह है कि यदि कुछ युवक इस कारोबार में पैडलर के रूप में काम कर रहे थे, तो उनके पीछे मौजूद बड़े चेहरों तक पुलिस कब पहुंचेगी? इन सवालों का जवाब आम जनता सुनने को बेताब है।
पुलिस की चुप्पी से बढ़ रहा सस्पेंस
मामले में सबसे ज्यादा चर्चा पुलिस की चुप्पी को लेकर हो रही है। दो दिन पूर्व हिरासत की खबरें सामने आने के बाद भी जिम्मेदार अधिकारियों की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। न तो कार्रवाई का पूरा ब्यौरा सार्वजनिक किया गया है और न ही यह स्पष्ट किया गया है कि मामला किस दिशा में आगे बढ़ रहा है।
बेशक, कई बार गंभीर मामलों में पुलिस जांच की गोपनीयता बनाए रखती है, लेकिन नशे के कथित कारोबार जैसे संवेदनशील मुद्दे पर जनता को अधिकृत जानकारी मिलना भी जरूरी है। इससे अफवाहों पर रोक लगेगी और वास्तविक स्थिति सामने आएगी। राष्ट्रबाण ने जिम्मेदारों से इस संबंध में जानकारी चाही तो कोई भी जवाब देने की स्थिति में नहीं है।
बड़े नेटवर्क पर कार्रवाई का इंतजार
सिवनी में सफेद पाउडर के कथित कारोबार को लेकर उठ रहे सवालों के बीच अब निगाहें पुलिस की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं। क्या हिरासत में लिए गए युवकों से पूछताछ के बाद बड़े सप्लायर और कथित सरगना तक पहुंचने का रास्ता खुलेगा? क्या इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी जांच के दायरे में आएगी? फिलहाल जैद, नियाज और तीसरे युवक को लेकर चर्चाएं जारी हैं, लेकिन आधिकारिक पुष्टि के अभाव में कहना उचित नहीं होगा। पुलिस की जांच और अधिकृत बयान के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक तस्वीर साफ हो सकेगी।
Read Also : सिवनी: सूफी नगर में फरहान और हाकिम के बीच खूनी झड़प, स्मैक तस्करी का आरोपी हाकिम अस्पताल में भर्ती



