अमेरिका में बड़ा हादसा: मालवाहक जहाज पुल से टकराया, फिलाडेल्फिया की ओर वाहनों की लंबी कतारें

Rashtrabaan News Desk
Highlights
  • डेलवेयर नदी पर टैकोनी-पाल्मायरा पुल से टकराया मालवाहक जहाज, हादसे में किसी के घायल होने की खबर नहीं
  • पुल बंद होने से न्यू जर्सी और फिलाडेल्फिया के बीच आवाजाही प्रभावित, मौके पर अमेरिकी तटरक्षक बल की टीम तैनात

पेंसिल्वेनिया, राष्ट्रबाण। अमेरिका में डेलवेयर नदी पर बने टैकोनी-पाल्मायरा पुल से एक मालवाहक जहाज टकरा गया। इस घटना के बाद न्यू जर्सी के पाल्मायरा और फिलाडेल्फिया के बीच यातायात बाधित हो गया है। पुल बंद होने के कारण फिलाडेल्फिया की ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। पेंसिल्वेनिया के जनप्रतिनिधि एड नीलसन ने इस घटना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पुल को अगली सूचना तक वाहनों और पैदल यात्रियों के लिए बंद कर दिया गया है।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, इस टक्कर में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। टैकोनी-पाल्मायरा पुल करीब 1,115 मीटर लंबा है और यह एक ड्रॉब्रिज यानी खुलने-बंद होने वाला पुल है। नदी से बड़े जहाजों के गुजरने के लिए इसके बीच का हिस्सा ऊपर उठाया जाता है। अमेरिकी तटरक्षक बल के मुताबिक, जहाजों की आवाजाही के लिए पुल खुला हुआ था, तभी मालवाहक जहाज उससे टकरा गया।

ब्रिस्टल में खड़ा किया गया मालवाहक जहाज

अमेरिकी तटरक्षक बल ने बताया कि टक्कर के बाद मालवाहक जहाज को पेंसिल्वेनिया के ब्रिस्टल स्थित किंडर मॉर्गन के एक अड्डे पर खड़ा किया गया है। वहां निरीक्षण दल मौके पर मौजूद है और घटना की जांच की जा रही है। हालांकि, तटरक्षक बल ने अभी तक जहाज के मालिक या संचालक के बारे में कोई जानकारी साझा नहीं की है।

अगली सूचना तक पुल पर आवाजाही बंद

पुल के संचालन की जिम्मेदारी बर्लिंगटन काउंटी ब्रिज कमीशन के पास है। गुरुवार दोपहर तक आयोग की ओर से घटना पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई थी। हालांकि, पुल से जुड़े रिकॉर्ड किए गए संदेश में कहा गया है कि अगली सूचना तक पुल वाहनों और पैदल यात्रियों के आवागमन के लिए बंद रहेगा। पुल बंद होने से न्यू जर्सी के पाल्मायरा और फिलाडेल्फिया के बीच आने-जाने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। फिलहाल निरीक्षण और जांच के बाद ही पुल को दोबारा यातायात के लिए खोलने को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

error: Content is protected !!