भोपाल, राष्ट्रबाण। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में गुरुवार, 19 नवंबर से महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी-2026 का आगाज होने जा रहा है। 28 नवंबर तक चलने वाली इस प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय हॉकी प्रतियोगिता में भारत सहित छह देशों की टीमें खिताब के लिए मैदान में उतरेंगी। टूर्नामेंट में चीन, जापान, दक्षिण कोरिया, मलेशिया और थाईलैंड की टीमें भी हिस्सा लेंगी। बुधवार को भोपाल पहुंची थाईलैंड की टीम का एयरपोर्ट पर पारंपरिक तरीके से तिलक लगाकर और शॉल ओढ़ाकर स्वागत किया गया।
पहले दिन होंगे तीन रोमांचक मुकाबले
अंतरराष्ट्रीय हॉकी महासंघ (एफआईएच) से अनुमोदित इस प्रतियोगिता के पहले दिन तीन लीग मुकाबले खेले जाएंगे। दोपहर 12:15 बजे चीन और थाईलैंड के बीच पहला मैच होगा। इसके बाद दोपहर 2:30 बजे जापान और दक्षिण कोरिया की टीमें आमने-सामने होंगी। वहीं, शाम 4:45 बजे मेजबान भारत का मुकाबला मलेशिया से होगा। पहले दिन के मुकाबलों के समय में बदलाव किया गया है।
भारतीय टीम का कार्यक्रम जारी
भारतीय महिला टीम अपने अभियान की शुरुआत 19 नवंबर को मलेशिया के खिलाफ करेगी। इसके बाद 21 नवंबर को दक्षिण कोरिया, 22 नवंबर को थाईलैंड, 24 नवंबर को चीन और 25 नवंबर को जापान से मुकाबला होगा। पहले मैच को छोड़कर भारत के अन्य चारों लीग मुकाबले शाम 7 बजे शुरू होंगे।
27 नवंबर को सेमीफाइनल, 28 को फाइनल
लीग चरण के मुकाबले 25 नवंबर को समाप्त होंगे। इसके बाद 27 नवंबर को पांचवें और छठे स्थान के लिए मुकाबला खेला जाएगा। इसी दिन दोनों सेमीफाइनल भी होंगे। प्रतियोगिता का कांस्य पदक मुकाबला 28 नवंबर को शाम 4:30 बजे और स्वर्ण पदक के लिए फाइनल शाम 7 बजे खेला जाएगा।
विश्व रैंकिंग में चीन चौथे और भारत सातवें स्थान पर
प्रतियोगिता में हिस्सा ले रही टीमों की विश्व रैंकिंग पर नजर डालें तो चीन चौथे स्थान पर है, जबकि भारतीय टीम सातवें स्थान पर काबिज है। जापान 11वें, दक्षिण कोरिया 15वें, मलेशिया 21वें और थाईलैंड 28वें स्थान पर है। प्रतियोगिता के सभी मुकाबलों को देखने के लिए दर्शकों को मुफ्त प्रवेश दिया जाएगा।



