अंतरिक्ष में इतिहास रचने को तैयार भारत, गगनयान की पहली मानवरहित उड़ान दिसंबर में होगी लॉन्च

Rashtrabaan News Desk
Highlights
  • दिसंबर 2026 के अंत या जनवरी 2027 की शुरुआत में होगी पहली मानवरहित उड़ान, क्रू मॉड्यूल की सुरक्षा और वापसी क्षमता का होगा परीक्षण
  • दो सफल मानवरहित उड़ानों के बाद मानव मिशन की तैयारी, मार्च 2028 तक भारतीय अंतरिक्ष यात्रियों को अंतरिक्ष में भेजने का लक्ष्य

नई दिल्ली, राष्ट्रबाण। भारत के पहले मानव अंतरिक्ष मिशन गगनयान की तैयारियां अब अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। इसरो (भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन) दिसंबर 2026 के अंत या जनवरी 2027 की शुरुआत में गगनयान की पहली मानवरहित उड़ान लॉन्च करने की तैयारी कर रहा है। केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह के मुताबिक, यह मिशन श्रीहरिकोटा स्थित दूसरे प्रक्षेपण स्थल से रवाना होगा। पहली उड़ान में क्रू मॉड्यूल और सर्विस मॉड्यूल को अंतरिक्ष में भेजा जाएगा। इसका मुख्य उद्देश्य क्रू मॉड्यूल की प्रणालियों और पृथ्वी पर सुरक्षित वापसी की क्षमता का परीक्षण करना है।

पहली उड़ान में नहीं जाएगा व्योममित्र रोबोट

गगनयान की पहली मानवरहित उड़ान में ह्यूमेनॉइड रोबोट ‘व्योममित्र’ को शामिल नहीं किया जाएगा। उसे बाद के मिशन में भेजने की योजना है। पहली उड़ान के दौरान अंतरिक्ष यान की विभिन्न प्रणालियों की कार्यक्षमता और सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण परीक्षण किए जाएंगे। इससे भविष्य में भारतीय अंतरिक्ष यात्रियों को अंतरिक्ष में भेजने की तैयारियों को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी।

मानव-रेटेड रॉकेट से होगा गगनयान का प्रक्षेपण

इस मिशन के लिए मानव उड़ान के अनुकूल बनाए गए एचएलवीएम-3 रॉकेट का इस्तेमाल किया जाएगा। यह चंद्रयान-3 मिशन में उपयोग किए गए रॉकेट का उन्नत रूप है। फिलहाल पूरे मॉड्यूल का थर्मो-वैक परीक्षण किया जा रहा है। इस परीक्षण में अंतरिक्ष जैसी निर्वात और तापमान संबंधी परिस्थितियां तैयार कर उपकरणों की कार्यक्षमता जांची जाती है।

क्रू मॉड्यूल को अलग करने की प्रणाली का परीक्षण पूरा

इसरो ने क्रू मॉड्यूल और सर्विस मॉड्यूल को अलग करने वाली प्रणाली का परीक्षण भी पूरा कर लिया है। यह प्रक्रिया मिशन के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। पृथ्वी पर वापसी के दौरान क्रू मॉड्यूल सर्विस मॉड्यूल से अलग होकर हीट शील्ड की मदद से वायुमंडल में प्रवेश करेगा। इसके अलावा पैराशूट, फ्लोटेशन और क्रू एस्केप सिस्टम जैसी सुरक्षा प्रणालियों के परीक्षण भी किए जा चुके हैं।

मार्च 2028 तक अंतरिक्ष में जाएंगे भारतीय अंतरिक्ष यात्री

योजना के अनुसार, पहली दो मानवरहित उड़ानों की सफलता के बाद तीसरी उड़ान में मानव मिशन की दिशा में अगला चरण पूरा किया जाएगा। मार्च 2028 तक भारतीय अंतरिक्ष यात्रियों को अंतरिक्ष में भेजने का लक्ष्य रखा गया है। इस मिशन के तहत वायुसेना के पायलटों को करीब 400 किलोमीटर की कक्षा में लगभग तीन दिन तक रखा जाएगा। इसके बाद उन्हें सुरक्षित रूप से हिंद महासागर में उतारा जाएगा। गगनयान भारत के अंतरिक्ष कार्यक्रम की महत्वपूर्ण परियोजनाओं में शामिल है। इस मिशन की अनुमानित लागत करीब 20,193 करोड़ रुपये है। इसकी सफलता से भारत मानव अंतरिक्ष उड़ान क्षमता हासिल करने वाले देशों की श्रेणी में शामिल होने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि प्राप्त करेगा।

error: Content is protected !!