बैतूल/आमला, राष्ट्रबाण। चुनाव का धुआं उठने से पहले ही आमला विधानसभा की सियासत में राजनीतिक पकवान पकने लगे हैं। पांच साल तक शांत बैठी कांग्रेस को अब अचानक पुराने मुद्दे, पुराने चेहरे और चुनावी समीकरण याद आने लगे हैं। लेकिन सवाल यह है कि क्या दूसरे जिले की रेतीली मिट्टी से बांध बनाकर आमला की काली दोमट मिट्टी वाली जमीन पर लंबे समय तक पानी रोका जा सकता है? राजनीति में भी यही नियम लागू होता है। बाहर से लाए गए चेहरों की चमक कुछ समय के लिए जरूर माहौल बना सकती है, लेकिन जमीन से जुड़े पुराने कार्यकर्ताओं की जगह लेना इतना आसान नहीं होता।
मनोज मालवे हों या सुनीता बेले, कांग्रेस के इन पुराने चेहरों की राजनीतिक जमीन को नजरअंदाज करना पार्टी के लिए आसान नहीं होगा। पुराने चावल भले ही नई खुशबू न दें, लेकिन उनका अनुभव और स्थानीय पहचान अपनी अलग अहमियत रखता है। यदि दूसरे जिले के बासमती चावल लाकर आमला में पकाए जाएंगे तो उनकी खुशबू कुछ समय तक विधानसभा का माहौल जरूर महका सकती है, लेकिन पुरानी भात को पकाने का हुनर और उसका स्वाद अलग ही होता है। कहीं ऐसा न हो कि बासमती की खुशबू के चक्कर में कांग्रेस अपने पुराने चावल ही चूल्हे से उतार दे।
निशा बांगरे के मामले में कांग्रेस की भूमिका पर सवाल
आमला की राजनीति में निशा बांगरे का नाम एक बार फिर चर्चा में आने लगा है। उनके मामले में कांग्रेस की पूर्व भूमिका को लेकर भी सवाल उठते रहे हैं। राजनीतिक चर्चाओं के मुताबिक, तत्कालीन डिप्टी कलेक्टर निशा बांगरे ने आमला विधानसभा से चुनाव लड़ने की संभावनाओं और राजनीतिक आश्वासनों के बीच अपने प्रशासनिक पद से इस्तीफा दिया था। हालांकि बाद में उन्हें कांग्रेस से विधानसभा का टिकट नहीं मिल पाया। इस घटनाक्रम ने उनके राजनीतिक भविष्य को लेकर कई सवाल खड़े किए थे।
अब करीब पांच साल बाद यदि कांग्रेस एक बार फिर निशा बांगरे को चुनावी चेहरे के रूप में सामने लाने की रणनीति बनाती है तो सबसे बड़ा सवाल यही होगा कि क्या पार्टी वास्तव में उन्हें राजनीतिक अवसर देना चाहती है या फिर चुनावी जरूरतों के हिसाब से उनका इस्तेमाल करना चाहती है? जिस राजनीतिक भरोसे के चलते उन्होंने अपनी प्रशासनिक नौकरी छोड़ी थी, क्या उस भरोसे की जिम्मेदारी कभी कांग्रेस ने ली?
कांग्रेस के सामने पुराने चेहरों को साधने की चुनौती
राजनीति में किसी नए चेहरे को अवसर देना गलत नहीं है, लेकिन पुराने कार्यकर्ताओं के संघर्ष और समर्पण को नजरअंदाज करना भी समझदारी नहीं कही जा सकती। आमला विधानसभा में कांग्रेस को यह तय करना होगा कि उसे चुनावी मौसम में केवल नई खुशबू चाहिए या फिर वर्षों से पार्टी की जमीन तैयार करने वाले पुराने चेहरों का अनुभव भी चाहिए।
निशा बांगरे को चुनावी मैदान में उतारना है तो पार्टी जरूर उतारे, लेकिन इस प्रक्रिया में मनोज मालवे और सुनीता बेले जैसे पुराने चेहरों की राजनीतिक भूमिका को कमजोर करना कितना उचित होगा, यह सवाल भी महत्वपूर्ण है।
आखिरकार चुनाव केवल टिकट बांटने से नहीं जीते जाते, इसके लिए जमीन पर काम करने वाले कार्यकर्ताओं का भरोसा भी जरूरी होता है। कांग्रेस को समझना होगा कि बासमती की खुशबू से कुछ समय के लिए माहौल तो बनाया जा सकता है, लेकिन आमला की सियासत में लंबे समय तक टिके रहने के लिए स्थानीय मिट्टी से जुड़ाव जरूरी है। वरना कहीं ऐसा न हो कि बासमती पकाने के चक्कर में पुरानी भात भी हाथ से निकल जाए और चुनाव के बाद कांग्रेस को फिर खाली बर्तन ही देखना पड़े।
Read Also : सिवनी : सियासत में भूचाल, सर्दी में बढ़ी सियासी गर्मी


