बालाघाट : ​दक्षिण बैहर के बोंडारी में मलेरिया ने ली बैगा बालक की जान

Rashtrabaan
Highlights
  • बेपरवाह स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर उठे गंभीर सवाल
  • ​आदिवासी अंचल में मलेरिया नियंत्रण और मैदानी निगरानी के दावों की खुली पोल, सीएमएचओ की कार्यप्रणाली भी घेरे में

    ​बालाघाट, राष्ट्रबाण। जिले के दक्षिण बैहर क्षेत्र के ग्राम बोंडारी में मलेरिया से एक वर्षीय बैगा बालक हरैल की मौत का मामला सामने आया है। ग्राम निवासी शाहरू बैगा के मासूम पुत्र हरैल की मौत के बाद इलाके में शोक के साथ आक्रोश का माहौल है। इस घटना ने आदिवासी अंचलों में स्वास्थ्य सुविधाओं की जमीनी हकीकत और मलेरिया नियंत्रण के सरकारी दावों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

    ​मैदानी अमले और निगरानी पर सवाल

    बताया जा रहा है कि मासूम हरैल मलेरिया से पीड़ित था। एक साल के बच्चे की मौत के बाद मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शत्रुघ्न दाहिया की कार्यप्रणाली भी सवालों के घेरे में आ गई है। ग्रामीणों और स्थानीय स्तर पर यह सवाल उठ रहे हैं कि आखिर स्वास्थ्य विभाग का मैदानी अमला कहां था और गांव में समय रहते जांच, उपचार व रोकथाम के पुख्ता इंतजाम क्यों नहीं हो सके।

    ​जवाबदेही कब होगी तय

    आदिवासी बहुल इलाकों में मलेरिया उन्मूलन और निगरानी अभियानों की प्रभावशीलता को लेकर यह घटना बड़ा प्रश्नचिह्न छोड़ गई है। जरूरत इस बात की है कि स्वास्थ्य विभाग इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराए और लापरवाही के लिए जिम्मेदारी तय करे, ताकि भविष्य में किसी अन्य मासूम को अपनी जान न गंवानी पड़े।

    Read Also : सिवनी : अवैध कॉलोनियों पर प्रशासन की सुस्ती

    error: Content is protected !!