सिवनी, राष्ट्रबाण। सिवनी की राजनीति में इस वक्त ऐसा सियासी बवंडर उठा है, जिसने सत्ता के शीर्ष से लेकर गली-मोहल्लों की चौपालों तक हलचल मचा दी है। वरिष्ठ पत्रकार आशीष भैरम को दिए गए सिवनी के भाजपा विधायक दिनेश राय ‘मुनमुन’ के एक विस्फोटक और बेबाक इंटरव्यू ने जिले की शांत फिजाओं में बारूद बिछा दिया है। इस इंटरव्यू के सामने आते ही जहां विपक्ष ने सड़कों पर मोर्चा खोल दिया है और भाजपा में इस्तीफों का दौर शुरू हो गया है, वहीं दूसरी ओर आम जनता के बीच विधायक की निडर और बेबाक छवि को लेकर जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है।
जरूरत पड़ी तो भेष बदलकर खुद जाऊंगा, विधायक के तेवरों से मचा हड़कंप
इस चर्चित इंटरव्यू में विधायक दिनेश राय ‘मुनमुन’ ने अपनी ही सरकार के रहते हुए जनहित के मुद्दों को पूरी बेबाकी से सार्वजनिक कर सबको चौंका दिया। कथित हनीट्रैप, देह व्यापार, रेत माफिया, ब्लैकमेलर सिंडिकेट और गांजा कांड जैसे संगीन मुद्दों पर उन्होंने बिना किसी लाग-लपेट के आवाज उठाई। विधायक ने अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए बेहद कड़ा रुख अपनाते हुए यहां तक ऐलान कर दिया कि जिले के जिस भी होटल में अनैतिक गतिविधियां संचालित हो रही हैं, यदि प्रशासन उन्हें सुधारने में नाकाम रहता है, तो मौका पड़ने पर मैं खुद भेष बदलकर वहां जाऊंगा और पर्दाफाश करूंगा। उनके इस आक्रामक और साहसिक बयान ने माफियाओं और प्रशासनिक अमले में खलबली मचा दी है।
आम जनता में बढ़ा लगाव
विधायक के इस बेखौफ अंदाज का सीधा असर आम जनता के बीच देखने को मिल रहा है। लोगों का मानना है कि सत्ता में रहते हुए सिस्टम की खामियों और अवैध धंधों के खिलाफ खुलकर बोलने का साहस हर किसी में नहीं होता। इस बयान के बाद सिवनी की आम जनता में दिनेश राय ‘मुनमुन’ के प्रति लगाव और विश्वास तेजी से उमड़ा है। शहर से लेकर गांवों तक उनके इस साहस की चर्चा जोरों पर है, जिसका नतीजा यह है कि सोशल मीडिया पर उनके फॉलोअर्स की संख्या में जबरदस्त इजाफा हुआ है और उनकी छवि एक दबंग और जनहितैषी नेता के रूप में और मजबूत होकर उभरी है।
कांग्रेस का प्रचंड हल्ला बोल, कमजोर विधायक बताकर दागे व्यंग्य बाण
दूसरी ओर, विधायक के इन बयानों को राजनीतिक हथियार बनाते हुए कांग्रेस ने सिवनी की सड़कों पर जोरदार धरना-प्रदर्शन किया और ज्ञापन सौंपा। कांग्रेस नेताओं ने विधायक पर व्यंग्यात्मक प्रहार करते हुए उनके निवास के गेट पर अतिरिक्त सुरक्षा तैनात करने की मांग कर डाली। कांग्रेस ने भाजपा सरकार को घेरते हुए आरोप लगाया कि शासन की नाक के नीचे जुआ, सट्टा और अवैध शराब का कारोबार फल-फूल रहा है। विपक्ष ने मुनमुन राय को कमजोर विधायक करार देते हुए कहा कि जब सत्ताधारी विधायक खुद सिंडिकेट की बात स्वीकार कर रहे हैं, तो साफ है कि प्रशासन पर उनका नियंत्रण नहीं बचा है।
भाजपा के खेमे में बड़ा विस्फोट, आनंद पंजवानी का इस्तीफा
इस चौतरफा राजनीतिक घमासान के बीच भाजपा को उस वक्त करारा झटका लगा, जब पूर्व कांग्रेस प्रत्याशी और भाजपा नेता आनंद पंजवानी ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया। हालांकि पंजवानी ने इसे व्यक्तिगत निर्णय बताया है, लेकिन सियासी गलियारों में इसे जिले में मचे ताजा घमासान और पार्टी के भीतर सुलग रहे असंतोष से जोड़कर देखा जा रहा है। वही शहर में यह भी चर्चा हो रही है कि आनंद एक स्वार्थ को लेकर कांग्रेस का दामन छोड़ भाजपा में शामिल हुए थे, लेकिन भाजपा में भी वह पूरा नही हो सका तो उन्होंने भाजपा से प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया। अब शहर की गुमठियों पर यह चर्चा जोरों पर है कि जिस कांग्रेस पार्टी ने पंजवानी परिवार को इतना सब कुछ दिया यह उसके नही हुए तो भाजपा से निष्ठा की उम्मीद बेईमानी होगी।
नफा-नुकसान की बिसात और आर-पार की तैयारी
आज समूचे सिवनी जिले का राजनीतिक तापमान चरम पर है। हर राजनेता सक्रिय होकर अपने नफा-नुकसान के गुणा-भाग में जुट गया है। एक ओर जहां कांग्रेस इस मुद्दे को भुनाकर सरकार को घेरने की कोशिश कर रही है, वहीं दूसरी ओर मुनमुन राय की बेबाक कार्यशैली ने उन्हें आम जनता के बीच एक नई ताकत और लोकप्रियता दिलाई है। सिवनी की यह सियासी जंग आने वाले दिनों में और भी दिलचस्प व आक्रामक मोड़ लेने को तैयार है। अब देखना दिलचस्प होगा की राजनीति के अखाड़े में कौन किसे और कब मात देता है।
Read Also : बालाघाट : दक्षिण बैहर के बोंडारी में मलेरिया ने ली बैगा बालक की जान


