मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं के लिए शुरू की हेल्पलाइन सेवा, शिकायतों का तुरंत निवारण होगा

Rashtrabaan

    क्या आपके घर में स्मार्ट मीटर लगा है और आपको इसकी किसी भी प्रकार की समस्या का सामना करना पड़ रहा है? मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी (MPMKVVCL) ने अपने उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए एक नई हेल्पलाइन सेवा शुरू की है जिससे उनकी शिकायतों का त्वरित और प्रभावी समाधान हो सके।

    इस हेल्पलाइन सेवा का नंबर 1912 है, जिसे उपभोक्ताओं की बढ़ती जरूरतों को देखते हुए लॉन्च किया गया है। अब स्मार्ट मीटर से संबंधित सभी प्रकार की समस्याओं के लिए उपभोक्ता सीधे इस टोल-फ्री नंबर पर कॉल कर सकते हैं। इस सेवा का उद्देश्य उपभोक्ताओं को कार्यालयों के चक्कर लगाने से बचाना और उनकी समस्याओं का तत्काल समाधान प्रदान करना है।

    मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के प्रबंध संचालक ऋषि गर्ग ने बताया कि स्मार्ट मीटर तकनीक से उपभोक्ताओं को बेहतर ऊर्जा प्रबंधन, पारदर्शी और सही बिलिंग की सुविधा मिल रही है। कंपनी ने स्मार्ट मीटर के सफल और समयबद्ध इंस्टॉलेशन के लिए पूरी टीम सक्रिय रखी है। यदि उपभोक्ताओं को मीटर के संचालन, बिलिंग, या इंस्टॉलेशन से जुड़ी कोई समस्या आती है, तो वे निःसंकोच 1912 पर संपर्क कर सकते हैं। यहाँ तकनीकी टीम प्राथमिकता से समस्याओं का समाधान करती है।

    इन समस्याओं का होगा समाधान:

    1. गलत तरीके से स्मार्ट मीटर का लगाना।
    2. मीटर का जल जाना या क्षतिग्रस्त होना।
    3. डिस्प्ले न दिखना या मीटर का काम न करना।
    4. मासिक बिल का न बनना।
    5. बिलिंग में त्रुटियाँ जैसे गलत बिल बनना।
    6. अमान्य एक्सपोर्ट यूनिट्स का दर्ज होना।
    7. मीटर की तेज रिकॉर्डिंग के कारण अधिक बिजली बिल आना।
    8. ‘उपाय’ ऐप में गलत या अदृश्य डेटा।
    9. बिजली बिल में मीटर का गलत सीरियल नंबर दिखना।
    10. नए स्मार्ट मीटर की स्थापना के समय शुरूआती रीडिंग में गड़बड़ी।
    11. सोलर/नेट मीटर में परिवर्तन न होना या बिजली का पुनः जुड़ाव न होना।
    12. पुराने मीटर की अंतिम रीडिंग गलत दर्ज होना।
    13. चेक मीटर लगवाने या न लगने संबंधी शिकायतें।

    यह हेल्पलाइन सेवा उपभोक्ताओं के लिए एक उपयोगी माध्यम सिद्ध होगी जो उनके जीवन को सरल और सहज बनाने में मदद करेगी। मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने यह पहल स्मार्ट मीटर के प्रति उपभोक्ताओं के विश्वास को मजबूत करने और गुणवत्ता सेवा प्रदान करने के लिए की है।

    Source

    error: Content is protected !!