रायपुर, राष्ट्रबाण। आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर राजनैतिक पार्टीयों में गहमगहमी का माहौल नजर आने लगा है। विधानसभा चुनाव को लेकर शुक्रवार को छत्तीसगढ़ के जिले रायपुर पहुंचे पीएम मोदी कांगे्रस पर खूब गरजे। वहीं भाजपा कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों को भी संबोधन दिया। शुक्रवार को पीएम मोदी अपने दौरे कार्यक्रम के अनुसार शुक्रवार सुबह 10.45 बजे रायपुर पहुंचे और साइंस कॉलेज ग्राउंड से 7 हजार करोड़ रुपए की योजनाओं का उद्घाटन-शिलान्यास किया। जहां छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी व मनसुख मांडविया सहित भाजपा कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों ने पीएम नरेन्द्र मोदी का भव्य रूप से स्वागत किया। इसी दौरान पीएम ने बिलासपुर में बस हादसे में भाजपा के तीन कार्यकताओं के निधन पर श्रृद्धांजलि अर्पित की। वहीं पीएम मोदी ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि आज जिन योजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास किया गया है, उससे छत्तीसगढ़ राज्य की विकास यात्रा और बेहतर होगी। पीएम ने इसके बाद साइंस कॉलेज ग्राउंड में ही भाजपा की विजय संकल्प रैली को संबोधित किया। अपने संबोधन में पीएम ने कहा कि छत्तीसगढ़ का निर्माण भाजपा ने किया है। यहां के लोगों को भाजपा ही अच्छे से समझती है। पिछले चुनाव में कांग्रेस पार्टी ने गंगा जी की झूठी कसम खाई थी। शराबबंदी सहित 36 वादे किए थे, लेकिन वादे पूरे नहीं किए, बल्कि हजारों करोड़ का शराब घोटाला कर दिया। छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार भ्रष्टाचार और कुशासन का मॉडल है। वहीं पीएम ने कहा आज सुबह यहां रैली में आ रहे छत्तीसगढ़ की तीन संतानों की एक बस हादसे में दु:खद मृत्यु हो गई। इस हादसे में कुछ लोग गंभीर रूप से घायल भी हुए हैं। जिनका निधन हुआ है मैं उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं और जो लोग घायल हुए हैं, उनके इलाज में भी भाजपा सरकार द्वारा हरसंभव मदद की जा रही है।
भाजपा ही छत्तीसगढ़ के लोगों को अच्छे से समझती है
पीएम मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि छत्तीसगढ़ वह राज्य है, जिसके निर्माण में भाजपा की प्रमुख भूमिका रही है। भाजपा ही छत्तीसगढ़ के लोगों को अच्छे से समझती है, उनकी जरूरतों को जानती है। वहीं उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के विकास के सामने एक बहुत बड़ा पंजा दीवार बनकर खड़ा हो गया है। ये कांग्रेस का पंजा है, जो आपसे आपका हक छीन रहा है। इस पंजे ने ठान लिया है कि वह छत्तीसगढ़ को लूट-लूट कर बर्बाद कर देगा।
गंगा जी की झूठी कसम खाने का पाप कांग्रेस ही कर सकती है
पीएम मोदी ने भाजपा कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि गंगा जी की झूठी कसम खाने का पाप कांग्रेस ही कर सकती है। गंगा जी की कसम खाकर इन्होंने एक घोषणा-पत्र जारी किया था और उसमें बड़ी-बड़ी बातें की थीं। उन्होंने कहा आज उस घोषणा-पत्र की याद दिलाते ही कांग्रेस की याददाश्त ही चली जाती है। कांग्रेस के कोर-कोर में करप्शन है। करप्शन के बिना कांग्रेस सांस भी नहीं ले सकती है। करप्शन, कांग्रेस की सबसे बड़ी विचारधारा है।
कांगे्रस के करप्शन और कुशासन का मॉडल बन चुका है छत्तीसगढ़
मोदी ने छत्तीसगढ़ सरकार को कांग्रेस के करप्शन और कुशासन का मॉडल बताया। उन्होंने कहा, कोल माफिया, सैंड माफिया और लैंड माफिया, न जाने कैसे-कैसे माफिया यहां फल-फूल रहे हैं। यहां सूबे के मुखिया से लेकर तमाम मंत्रियों और अधिकारियों तक पर घोटाले के गंभीर से गंभीर आरोप लगते रहे हैं। आज छत्तीसगढ़ सरकार, कांग्रेस के करप्शन और कुशासन का मॉडल बन चुकी है।
Chhattisgarh News: छत्तीसगढ़ में कांग्रेस पर गरजे पीएम मोदी

Highlights
- कांग्रेस की कोर-कोर में करप्शन है, कांग्रेस करप्शन के बिना सांस भी नहीं ले सकती: पीएम मोदी
Leave a comment
Leave a comment