मुंबई, राष्ट्रबाण। अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग की घटना के बाद फिल्मी हस्तियों को धमकी मिलने की खबरें सामने आ रही हैं। इसी बीच अभिनेता आयुष्मान खुराना को भी धमकी भरा ऑडियो क्लिप मिला है। सूत्रों के मुताबिक ऑडियो भेजने वाले शख्स ने खुद को बिश्नोई गैंग का सदस्य बताया है और अभिनेता से करोड़ों रुपए की मांग की है। मामले की जानकारी सामने आने के बाद पुलिस इसकी जांच में जुट गई है। इसके लिए पुलिस रिकॉर्ड में मौजूद संबंधित आरोपी के पुराने ऑडियो सैंपल से नई क्लिप का मिलान कराया जा रहा है।
बता दें बॉलीवुड में धमकी और वसूली से जुड़े मामलों की चर्चा टाइगर श्रॉफ पर हुई फायरिंग के बाद तेज हो गई है। 18 अक्टूबर को मुंबई के जुहू इलाके में टाइगर श्रॉफ की कार पर बाइक सवार हमलावरों ने गोलियां चलाई थीं। घटना के वक्त श्रॉफ फुटबॉल खेलने के बाद वहां से निकल रहे थे। इस हमले में टाइगर सुरक्षित बच गए थे, जबकि उनके ड्राइवर और एक अन्य व्यक्ति घायल हुए थे। मुंबई पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और बाद में इसे क्राइम ब्रांच को सौंप दिया था।
इसी बीच अभिनेता तुषार कपूर को भी धमकी भरा ऑडियो मिलने का मामला सामने आया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक एक शख्स ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा हैरी बॉक्सर बताते हुए तुषार कपूर से पांच करोड़ रुपए की मांग की थी। इस ऑडियो के मिलने के बाद अभिनेता ने मुंबई पुलिस को जानकारी दी थी। इस मामले में भी पुलिस ऑडियो भेजने वाले की पहचान करने में जुटी है।


