दुबई में गूंजा छत्तीसगढ़िया संस्कृति का रंग, प्रवासी परिवारों ने धूमधाम से मनाया 26वां राज्योत्सव और दिवाली मिलन समारोह

Chhattisgarh Rashtrabaan

    दुबई : सात समंदर पार रहने के बावजूद छत्तीसगढ़ की माटी, भाषा और संस्कृति से प्रवासियों का जुड़ाव कम नहीं हुआ है। इसकी खूबसूरत झलक दुबई में आयोजित छत्तीसगढ़ राज्योत्सव और दिवाली मिलन समारोह में देखने को मिली। नाचा-यूएई (NACHA-UAE) के तत्वावधान में 1 नवंबर 2026 को छत्तीसगढ़ राज्य का 26वां स्थापना दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस खास मौके पर संयुक्त अरब अमीरात में रहने वाले बड़ी संख्या में छत्तीसगढ़िया परिवार एकजुट हुए।

    नाचा-यूएई के अध्यक्ष अमित उपाध्याय के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम की शुरुआत छत्तीसगढ़ महतारी की पूजा-अर्चना के साथ हुई। इस दौरान प्रदेश की सुख-समृद्धि और मातृभूमि के कल्याण की कामना की गई। इसके बाद रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें छत्तीसगढ़ की लोककला और परंपराओं की झलक देखने को मिली।

    समारोह में व्यवसायी, नौकरीपेशा लोग, वरिष्ठ नागरिक और बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। छत्तीसगढ़ी लोकनृत्य की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में समां बांध दिया। वहीं, ‘कौन बनेगा छत्तीसगढ़ का बुद्धिमान’ प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता के जरिए प्रतिभागियों ने छत्तीसगढ़ के इतिहास, संस्कृति और परंपराओं से जुड़ी अपनी जानकारी का प्रदर्शन किया।

    माता-पिता और सहयोगियों का किया सम्मान

    कार्यक्रम के दौरान प्रवासी छत्तीसगढ़िया परिवारों के माता-पिता और आयोजन में विशेष सहयोग देने वाले अतिथियों एवं प्रतिनिधियों को सम्मानित किया गया। इनमें डॉ. मनीष और डॉ. दिव्या त्रिपाठी, श्रीमती हनी थरवानी, सुमित साहनी और अली चिश्ती शामिल रहे।

    बच्चों की कलाकृतियों में दिखी छत्तीसगढ़ की झलक

    समारोह का एक विशेष आकर्षण ‘अंतरराष्ट्रीय कला सहभागिता’ पहल रही। इसके तहत ‘छत्तीसगढ़ की संस्कृति और त्योहार’ विषय पर बच्चों ने A4 आकार के कागज पर आकर्षक चित्र बनाए। इन चित्रों के माध्यम से नन्हे कलाकारों ने अपनी मातृभूमि की संस्कृति, परंपराओं और त्योहारों को रंगों के जरिए प्रस्तुत किया।

    इस पहल का उद्देश्य प्रतियोगिता के बजाय बच्चों की रचनात्मकता को प्रोत्साहित करना और विदेश में रह रहे नई पीढ़ी के बच्चों को छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत से जोड़ना था। सभी प्रतिभागी बच्चों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। साथ ही उनकी बनाई कलाकृतियों से कार्यक्रम स्थल को सजाया गया।

    आयोजन समिति ने सभी परिवारों का जताया आभार

    समारोह को सफल बनाने में आयोजन समिति के सदस्यों अमित उपाध्याय, सिजो थॉमस, तोमन साहू, अमृता मिश्रा, विशाल शर्मा, खुशी टांक, श्रेया तिवारी, सुशील केशकर, वैभव क्षत्रिय, आरती अग्रवाल, पल्लवी उपाध्याय और प्रमोद गायकवाड़ का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

    नाचा-यूएई ने आयोजन में शामिल होकर उत्साह और अपनापन साझा करने वाले सभी परिवारों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस आयोजन ने यह संदेश दिया कि छत्तीसगढ़िया समाज दुनिया के किसी भी कोने में रहे, अपनी भाषा, संस्कृति और परंपराओं के प्रति उसका प्रेम और जुड़ाव हमेशा बना रहता है।

    error: Content is protected !!