महाराष्ट्र में मासूम बच्ची के साथ जघन्य अपराध: दुष्कर्म के बाद निर्ममता से हत्या, 65 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार

Rashtrabaan

    पुणे। महाराष्ट्र के पुणे जिले में एक चौंकाने वाला और बेहद दर्दनाक मामला सामने आया है, जहाँ एक चार वर्षीय मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म करने के बाद उसकी निर्मम हत्या कर दी गई। पुलिस ने इस घटना में 65 वर्ष के एक बुजुर्ग को गिरफ्तार किया है, जिससे क्षेत्र में रोष फैला हुआ है।

    पुलिस ने क्या कहा?

    पुलिस के अनुसार यह घटना भोर तहसील की है, जो शुक्रवार को हुई। आरोपी ने बच्ची को खाने का लालच देकर अपने साथ ले जाया। फिर उसे मवेशियों के बाड़े में बनाए गए एक शेड में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया और हत्या कर दी। इस भयानक घटना से पूरे इलाके में भारी सनसनी फैल गई है।

    गांववालों ने की कड़ी कार्रवाई की मांग

    बच्ची के लापता होने पर उसके परिवार वालों ने खोजबीन शुरू की। इसी दौरान एक घर के सीसीटीवी फुटेज में आरोपी और बच्ची को एक साथ देखकर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को पकड़ लिया। इस जुर्म ने पूरे इलाके के लोगों को हैरान कर दिया, जिसके चलते सैकड़ों ग्रामीण पुलिस चौकी पर जमा होकर आरोपी पर सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग करने लगे।

    जाम लगाकर जताया विरोध

    आक्रोशित ग्रामीणों ने मुंबई-बंगलूरू राजमार्ग को जाम कर दिया, जिससे वहाँ भारी ट्रैफिक जाम लग गया। पुणे ग्रामीण क्षेत्र के पुलिस अधीक्षक संदीप सिंह गिल ने लोगों को समझाइश देते हुए भरोसा दिलाया कि इस मामले में 15 दिनों के भीतर आरोपपत्र दाखिल कर दिया जाएगा और न्याय सुनिश्चित किया जाएगा।

    यह घटना न केवल इस क्षेत्र बल्कि पूरे महाराष्ट्र के लिए एक गंभीर चेतावनी है, जहां बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर प्रश्न खड़े हो गए हैं। अपराधियों के खिलाफ कड़ा रवैया अपनाने और पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए प्रशासन और पुलिस को आवश्यक कदम उठाने होंगे।

    Source

    error: Content is protected !!