ग्रेटर नोएडा। समाजवादी पार्टी ने जिम्स अस्पताल में कर्मचारियों के साथ कथित बर्बरता और उनकी मांगों की अनदेखी के विरोध में गुरुवार को ग्रेटर नोएडा में जोरदार प्रदर्शन किया। पार्टी के कार्यकर्ता सूरजपुर स्थित कलेक्ट्रेट के सामने मुख्य सड़क पर इकट्ठा होकर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी नाराजगी जाहिर की। प्रदर्शन के दौरान कुछ समय के लिए यातायात भी बाधित हुआ, लेकिन पुलिस-प्रशासन ने तत्परता से स्थिति को नियंत्रित कर लिया।
समाजवादी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि पिछले दिनों जिम्स अस्पताल में अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्वक धरने पर बैठे कर्मचारियों के साथ पुलिस ने धक्का-मुक्की और अभद्र व्यवहार किया। कर्मचारियों ने बताया कि वे काफी समय से अपनी विभिन्न मांगों को लेकर आवाज उठाते आ रहे हैं, लेकिन प्रशासन ने उनकी समस्याओं को नज़रअंदाज कर दिया और बल प्रयोग से उनका उत्पीड़न किया गया।
इन्हीं मुद्दों को लेकर सपा ने मंगलवार को अस्पताल कर्मचारियों के समर्थन में विरोध जताया। बड़ी संख्या में सपा के कार्यकर्ता सूरजपुर कलेक्ट्रेट पहुंचे और अस्पताल कर्मचारियों की मांगों को पूरा करने के साथ-साथ पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।
प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन पर कर्मचारियों की समस्याओं को अनदेखा करने का आरोप लगाते हुए चेतावनी दी कि अगर उनकी मांगों को जल्द नहीं माना गया तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। इस दौरान सूरजपुर-परी चौक मार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा।
पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शनकारियों को शांतिपूर्ण ढंग से विरोध जताने के लिए मनाने का प्रयास किया। प्रशासनिक अधिकारी भी स्थिति पर नजर बनाए हुए थे। पुलिस ने बाद में जारी बयान में कहा कि समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट पर जाकर अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा और फिर शांतिपूर्वक अपने-अपने स्थानों पर वापस चले गए।
पुलिस के अनुसार कानून-व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है और यातायात ठीक से चल रहा है। सूरजपुर थाना क्षेत्र में इस घटना को लेकर राजनीतिक माहौल गरमाया हुआ है, जहां एक ओर समाजवादी पार्टी कर्मचारी हित में मुखर है, वहीं प्रशासन का कहना है कि कर्मचारियों की मांगों पर नियमानुसार विचार किया जा रहा है।

