Loksabha Election 2024 : चौथे चरण में 62.31 प्रतिशत मतदान

Rashtrabaan
Highlights
  • लोकसभा चुनाव का आधे से अधिक सफर तय

नई दिल्ली, राष्ट्रबाण। लोकसभा चुनाव के चौथे चरण के तहत देश के 10 राज्यों एवं संघ शासित प्रदेशों की 96 लोकसभा सीटों पर हो रहे मतदान में 5 बजे तक 62.31 प्रतिशत मतदान हो चुका है। मतदान के राज्यवार आंकड़ों की बात करें तो 5 बजे तक सबसे ज्यादा पश्चिम बंगाल में 75.66 प्रतिशत मतदाता वोट कर चुके हैं। वहीं, इस रेस में मध्य प्रदेश के मतदाता दूसरे स्थान पर हैं, जहां 5 बजे तक 68.01 प्रतिशत वोटिंग हो चुकी है। अन्य राज्यों के मतदान प्रतिशत की बात करें तो 5 बजे तक झारखंड में 63.14, आंध्र प्रदेश में 68.04 , तेलंगाना में 61.16, ओडिशा में 62.96, उत्तर प्रदेश में 56.35, बिहार में 54.14, महाराष्ट्र में 52.49 प्रतिशत और जम्मू कश्मीर में 35.75 प्रतिशत मतदाता वोटिंग कर चुके हैं। समाचार लिखे जाने तक आंध्र प्रदेश, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल व तेलंगाना सहित 10 राज्यों की कुल 96 लोकसभा सीट पर वोट डाले जा रहे थे। इसके अलावा आंध्र प्रदेश विधान सभा की सभी 175 सीटों और ओडिशा विधानसभा की 28 सीटों के लिए भी मतदान हो रहा था।

- Advertisement -

इन दिग्गजों का होगा फैसला

  • चौथे चरण के चुनाव में जो प्रमुख उम्मीदवार मैदान में हैं उनमें समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव उत्तर प्रदेश की कन्नौज लोकसभा सीट से चुनाव लड़ रहे हैं।
  • केंद्र सरकार में मंत्री गिरिराज सिंह बिहार की बेगूसराय लोकसभा सीट से मैदान में हैं। नित्यानंद राय उजियारपुर से चुनाव लड़ रहे हैं तो वहीं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अधीर रंजन चौधरी पश्चिम बंगाल की बेहरामपुर सीट से उम्मीदवार हैं।
  • महाराष्ट्र में पंकजा मुंडे बीड से चुनाव लड़ रही हैं। एआइएमआइएम के असदुद्दीन ओवैसी हैदराबाद से चुनाव लड़ रहे हैं। आंध्र प्रदेश में कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष वाई एस शर्मिला कडप्पा लोक सभा सीट से अपना भाग्य आजमा रही हैं।
  • पश्चिम बंगाल में कृष्णानगर से तृणमूल कांग्रेस की महुआ मोइत्रा मैदान में हैं।

इन सीटों पर चुनाव

चौथे चरण के इस मतदान में आंध्र प्रदेश की 25 लोकसभा सीटों पर चुनाव हो रहा है। बिहार की 5 लोकसभा सीटें, जम्मू एवं कश्मीर की 1 सीट, झारखंड की 4 सीट, मध्य प्रदेश की 8 सीटें भी चौथे चरण के मतदान में शामिल हैं। वहीं महाराष्ट्र की 11 सीटों पर, ओडिशा की 4, तेलंगाना की 17, उत्तर प्रदेश की 13, पश्चिम बंगाल की 8 लोकसभा सीटों पर भी चुनाव हो रहा है।

- Advertisement -
error: Content is protected !!