CM साय बोले- ‘मन की बात’ जनभागीदारी और सकारात्मक बदलाव का बना सशक्त माध्यम

Chhattisgarh Rashtrabaan

    रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ की 140वीं कड़ी को सरगुजा जिले के अंबिकापुर स्थित सरगंवा की पुष्प वाटिका में जनप्रतिनिधियों और नागरिकों के साथ सुना। इस दौरान मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के युवाओं को खेल सुविधाओं की सौगात देते हुए सरगंवा में मिनी स्टेडियम बनाने की घोषणा की। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और खेलकूद एवं रचनात्मक गतिविधियों से जुड़ने की अपील की।

    मुख्यमंत्री साय ने कहा कि ‘मन की बात’ देशवासियों को प्रेरित करने और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का प्रभावी माध्यम बन चुका है। प्रधानमंत्री इस कार्यक्रम के जरिए देश के अलग-अलग हिस्सों में हो रहे नवाचारों, जनहित के प्रयासों और प्रेरणादायक उपलब्धियों को सामने लाते हैं। इससे आम नागरिकों को राष्ट्र निर्माण में अपनी भागीदारी निभाने की प्रेरणा मिलती है।

    नशामुक्त समाज और स्वस्थ जीवनशैली पर जोर

    मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने कार्यक्रम में युवाओं के बीच बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर चिंता जताते हुए नशामुक्त समाज बनाने का संदेश दिया। साथ ही फिट इंडिया अभियान, साइकिलिंग और खेलों में भारत की उपलब्धियों का उल्लेख कर युवाओं को शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रहने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति ही विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण का सबसे बड़ा आधार है।

    ‘मन की बात’ में छत्तीसगढ़ के प्रयासों की सराहना

    सीएम साय ने कहा कि यह प्रदेश के लिए गर्व की बात है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पहले के प्रसारणों में बस्तर पंडुम, कोरिया जिले के जल संचय अभियान और ‘हर घर मुनगा’ जैसी पहलों की सराहना की है। इससे छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति, पर्यावरण संरक्षण और जनभागीदारी से जुड़े प्रयासों को राष्ट्रीय पहचान मिली है।

    उन्होंने कहा कि प्रदेश के ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है। जरूरत उन्हें बेहतर प्रशिक्षण, सुविधाएं और उचित मंच देने की है। सरगंवा में मिनी स्टेडियम का निर्माण इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।

    डिजिटल जागरूकता और स्वरोजगार की संभावनाओं पर चर्चा

    मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री ने सरकारी कर्मचारियों की कार्यक्षमता बढ़ाने के लिए आईगॉट कर्मयोगी डिजिटल प्लेटफॉर्म की उपयोगिता पर प्रकाश डाला। इसके अलावा संचार साथी पोर्टल के माध्यम से गुम हुए मोबाइल फोन का पता लगाने और साइबर धोखाधड़ी से बचने के उपायों की जानकारी दी।

    कार्यक्रम में भारतीय गुड़, चॉकलेट और ऊंटनी के दूध से जुड़े नवाचारों एवं स्टार्टअप का भी उल्लेख किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्थानीय संसाधनों और पारंपरिक उत्पादों के जरिए उद्यमिता तथा स्वरोजगार के नए अवसर विकसित किए जा सकते हैं।

    महतारी वंदन योजना और विकास कार्यों का किया उल्लेख

    मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार सुशासन, जनकल्याण और समावेशी विकास के लिए काम कर रही है। महतारी वंदन योजना के जरिए लाखों महिलाओं को आर्थिक सहायता देकर आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं बस्तर में नक्सलवाद के खिलाफ मिली सफलताओं से शांति और विकास का नया वातावरण तैयार हो रहा है।

    उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की प्राकृतिक और खनिज संपदा से मिलने वाले राजस्व का उपयोग जनकल्याण, बुनियादी सुविधाओं और रोजगार के अवसर बढ़ाने में किया जा रहा है। विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है।

    रुद्राक्ष का पौधा लगाकर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

    कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पुष्प वाटिका में रुद्राक्ष का पौधा लगाया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। इस अवसर पर स्वास्थ्य शिविर भी लगाया गया, जिसमें नागरिकों की स्वास्थ्य जांच और गैर-संचारी रोगों (NCD) की स्क्रीनिंग की गई।

    कार्यक्रम में पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल, वन विकास निगम के अध्यक्ष रामसेवक पैकरा, गृह निर्माण मंडल के अध्यक्ष अनुराग सिंहदेव, विधायक प्रबोध मिंज, रामकुमार टोप्पो, जिला पंचायत अध्यक्ष निरूपा सिंह, महापौर मंजूषा भगत और सभापति हरमिंदर टिन्नी सहित कई जनप्रतिनिधि एवं नागरिक मौजूद रहे।

    error: Content is protected !!