कांग्रेसी नेता के भाई के कुत्तों ने बनाया शिकार
- लहूलुहान महिला की हालत गंभीर, हैलट हॉस्पिटल में भर्ती
- बच्चों और गिग वर्कर ने दिखाया साहस, कुत्तों को खदेड़ा
- इलाके में दहशत: पहले भी बच्ची पर हमला कर चुके थे यही कुत्ते
कानपुर। कानपुर के चकेरी थाना क्षेत्र के फ्रेंड्स कॉलोनी में रविवार शाम एक खौफनाक घटना हुई जब तीन रॉटविलर कुत्तों ने एक 55 वर्षीय महिला पर ताबड़तोड़ हमला किया। इस हमले में महिला के शरीर पर 13 स्थानों पर गहरे घाव आए हैं और उन्हें तुरंत प्राथमिक उपचार के बाद हैलट हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है जहाँ उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। यह कुत्ते एक कांग्रेसी नेता के भाई के बताए जा रहे हैं जो इलाके में भय का माहौल बना चुके हैं।
बताया जा रहा है कि पीड़िता गीता पहली बार अपने घरेलू कामों के लिए इस कॉलोनी में आई थीं। रास्ते में ही अचानक ये कुत्ते उन पर टूट पड़े। महिला के चिल्लाने पर पास से गुजर रहे एक गिग वर्कर ने साहस दिखाया और कुत्तों पर ईंट पत्थर फेंककर उन्हें खदेड़ने की कोशिश की। इस दौरान पास के पार्क में खेल रहे बच्चे क्रिकेट बैट और डंडे लेकर आए और मिलकर कुत्तों को पीछे हटाया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर समय पर बच्चों और गिग वर्कर की मदद न मिलती तो स्थिति और भयावह हो सकती थी। घटना के तुरंत बाद पीड़िता की बेटियां बॉबी और तेजस्वी उन्हें स्कूटी पर बैठाकर अस्पताल लेकर गईं। गीता के पति ज्योति प्रकाश एक प्राइवेट कंपनी में काम करते हैं।
प्रत्यक्षदर्शी सीमा दीक्षित ने बताया कि जब वह मौके पर पहुंचीं तो गीता लहूलुहान और डरी हुई थीं तथा उनके कपड़े फटे हुए थे। उन्होंने अपने दुपट्टे से महिला के शरीर को ढका और अन्य स्थानीय लोगों के सहयोग से उन्हें अस्पताल पहुंचाया। स्थानीय निवासी रतन गुप्ता ने बताया कि क्षेत्र में पिछले कुछ समय से यह कुत्ते बार-बार लोगों पर हमला कर रहे हैं, जिससे इलाके में दहशत का माहौल है। लगभग 4-6 महीने पहले भी यही कुत्ते एक पांच साल की बच्ची पर हमला कर चुके हैं। उनका कहना है कि मालिक द्वारा कुत्तों को सार्वजनिक जगहों पर खुला छोड़ दिया जाता है, जिससे लोगों की सुरक्षा बाधित होती है।
यह घटना इलाके में पशु नियंत्रण और सुरक्षा के प्रति जागरूकता की जरूरत को उजागर करती है, ताकि भविष्य में ऐसे खतरनाक और जानलेवा हमलों को रोका जा सके। स्थानीय प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की उम्मीद जताई जा रही है ताकि नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

