मुंबई में साइबर क्राइम के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। इसी क्रम में टीवी अभिनेता राहुल सिंह तोमर भी साइबर ठगी का शिकार बन गए हैं। अज्ञात ठगों ने बड़ी चतुराई से अभिनेता को टारगेट किया और उनके बैंक खाते से 85,000 रुपए की रकम निकाल ली। हालांकि, वक्त रहते अभिनेता ने अपने खाते को ब्लॉक करा लिया, जिससे भारी वित्तीय नुकसान होने से बच गया।
पुलिस के अनुसार, यह मामला मुंबई के अंबोली पुलिस स्टेशन में दर्ज किया गया है और जांच जारी है। राहुल सिंह तोमर मूलत: मध्य प्रदेश के पीथमपुर के रहने वाले हैं और फिलहाल मुंबई के अंधेरी पश्चिम स्थित अंबोली इलाके में रहते हैं। वे टीवी इंडस्ट्री में एक जानकार और अनुभवशील अभिनेता हैं, जिन्होंने कई लोकप्रिय धारावाहिकों और वेब सीरीज में अभिनय किया है।
यह घटना तब हुई जब राहुल के मोबाइल पर एक अनजान नंबर से कॉल आया। कॉल करने वाले ने उनसे कई व्यक्तिगत और प्रोफेशनल जानकारियां लीं। राहुल ने सोचा कि यह कॉल किसी काम से संबंधित है, इसलिए उन्होंने बिना किसी संदेह के आवश्यक जानकारियां साझा कर दीं।
लेकिन कुछ ही समय बाद राहुल के मोबाइल पर उनके बैंक खाते से 85,000 रुपए एक अज्ञात यूपीआई आईडी ‘डोंगरी सुप्रिया’ पर ट्रांसफर होने का संदेश आया, जबकि उन्होंने स्वयं कोई ट्रांजेक्शन नहीं किया था और न ही किसी के साथ अपना ओटीपी या यूपीआई पिन साझा किया था।
राहुल ने यह गंभीर मामला समझते हुए तुरंत अपने बैंक के कस्टमर केयर से संपर्क किया और खाते को ब्लॉक करवा दिया। इसके अलावा उन्होंने साइबर फ्रॉड हेल्पलाइन 1930 पर भी शिकायत दर्ज कराई। जांच में यह बात सामने आई कि ठगों ने उसी यूपीआई आईडी पर और भी कई छोटी-छोटी रकम ट्रांसफर करने की कोशिश की थी, जिनमें 12,000, 10,000 और 9,999 रुपए शामिल थे, परंतु समय पर खाते के ब्लॉक हो जाने के कारण ये प्रयास सफल नहीं हो सके।
राहुल ने जब उस संदिग्ध नंबर पर फिर से संपर्क करने की कोशिश की, तो वह नंबर बंद निकला। इसके बाद उन्होंने अंबोली पुलिस स्टेशन जाकर अज्ञात आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।
राहुल सिंह तोमर ने टीवी और वेब धारावाहिकों में अपने अभिनय से खास पहचान बनाई है। उन्होंने ‘क्राइम पेट्रोल’, ‘गुस्ताख दिल’, ‘जमुना पार’ जैसे चर्चित शोज में काम किया है। इसके अलावा वे ‘सॉल्ट सिटी’, ‘इंडस्ट्री’, और ‘कर्मा’ जैसी वेब सीरीज में भी नजर आ चुके हैं।
साइबर अपराध के बढ़ते मामलों के मद्देनज़र विशेषज्ञ और पुलिस विभाग आम जनता को सतर्क रहने और व्यक्तिगत जानकारी साझा करने में सावधानी बरतने की सलाह दे रहे हैं। साथ ही, किसी भी अनजान कॉल या मैसेज पर भरोसा करने से पहले सत्यापन करना आवश्यक बताया जा रहा है ताकि ठगी जैसे अपराधों को रोका जा सके।

