चित्तौड़ी आठम के पावन अवसर पर दुर्ग स्थित कालिका माता मंदिर में धार्मिक आस्था और परंपरा का भव्य संगम देखने को मिला। इस अवसर पर चित्तौड़ी आठम महोत्सव समिति की ओर से शुक्रवार सुबह विशाल ध्वजा चढ़ाई गई और हवन यज्ञ द्वारा क्षेत्र की समृद्धि एवं खुशहाली की प्रार्थना की गई।
स्थानीय श्रद्धालुओं एवं प्रमुख गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति में हुई इस धार्मिक अनुष्ठान में, विधि विधान के साथ पूजा-अर्चना संपन्न हुई। महंत रामनारायण पुरी एवं महंत लालसिंह के सानिध्य में पूजा-हवन किया गया, जबकि पंडित अरविन्द भट्ट ने वैदिक मंत्रों के उच्चारण के साथ हवन यज्ञ करवाया।
हवन के दौरान विशेष रूप से इस वर्ष क्षेत्र में अच्छी बरसात, धन-धान्य की वृद्धि, बीमारियों से मुक्ति तथा सभी के सुख-समृद्धि की कामना की गई। भक्तों ने आहुतियां डालकर अपनी श्रद्धा प्रदर्शित की। अनुष्ठान के समापन पर भव्य आरती की गई और उपस्थित सभी श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। पूरा आयोजन “जय चित्तौड़, जय मेवाड़” के जयघोषों से गुंजायमान रहा।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग संघचालक हेमंत जैन, विभाग कार्यवाह दिनेश भट्ट, नगर प्रचारक गोविन्द, विधायक चंद्रभानसिंह आक्या, सुशील शर्मा, चित्तौड़ी आठम महोत्सव समिति के संस्थापक अध्यक्ष मुकेश नाहटा, राधेश्याम आमेरिया, शेखर सोनी, तेजपाल सिंह, भाजपा नगर अध्यक्ष गौरव त्यागी समेत अनेक गणमान्य नागरिक तथा बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी उपस्थित रहे।
चित्तौड़ी आठम के इस आयोजन ने न केवल धार्मिक आस्था को सुदृढ़ किया, बल्कि सामाजिक एकता और स्थानीय सांस्कृतिक एवं धार्मिक परंपराओं के संरक्षण व संवर्धन का भी सशक्त संदेश दिया। यहां उपस्थित सभी श्रद्धालु भावुक होकर इस प्राचीन परंपरा को आने वाली पीढ़ियों तक संजोने के लिए प्रतिबद्ध दिखाई दिए।

