गुजरात स्थानीय निकाय चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने बंपर जीत का परचम फहराया है। 15 नगर निगमों में कुल 1044 सीटों पर बीजेपी ने 937 सीटें जीतकर बड़ी बढ़त बनाई है। इसके साथ ही नगर पालिका, जिला पंचायत और तालुका पंचायत के चुनावों में भी पार्टी ने शानदार प्रदर्शन किया है। इस चुनावी जीत ने गुजरात में बीजेपी की लोकप्रियता को एक बार फिर से स्थापित कर दिया है।
चुनाव परिणामों की घोषणा के बाद मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, उप मुख्यमंत्री हर्ष संघवी, और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष जगदीश विश्वकर्मा समेत पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने अहमदाबाद में विजय उत्सव का आयोजन किया। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी बीजेपी कार्यकर्ताओं को इस शानदार जीत के लिए बधाई दी और जनता का आभार जताया। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि इस जीत का श्रेय पार्टी के जमीनी स्तर पर कार्यरत सभी कार्यकर्ताओं को जाता है, जिन्होंने निरंतर मेहनत से लोगों की समस्याओं का समाधान किया और जनता का विश्वास जीता।
गुजरात और बीजेपी का गहरा रिश्ता – पीएम मोदी की घोषणा
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि इस चुनाव में मिली जीत से गुजरात और बीजेपी के बीच का रिश्ता और मजबूत हुआ है। उन्होंने राज्य सरकार के किए गए विकास कार्यों की भी सराहना की और कहा कि जनता ने सुशासन के लिए अपने मतों से बीजेपी को समर्थन दिया है। पीएम मोदी ने आगे भरोसा दिलाते हुए कहा कि आने वाले समय में गुजरात को विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जाने का पूर्ण प्रयास किया जाएगा। यह जीत न केवल पार्टी बल्कि पूरे राज्य के लिए गर्व की बात है।
मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल का संदेश
मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का धन्यवाद करते हुए कहा कि जनता का यह विश्वास मोदी जी के मार्गदर्शन और गुजरात के विकास में उनकी दूरदर्शिता का परिणाम है। उन्होंने कहा कि भाजपा की टीम “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास” के मंत्र के साथ आगे बढ़ रही है और गुजरात को देश का विकास इंजन बनाने के लिए समर्पित है। सीएम पटेल ने जनता के समर्थन के लिए आभार जताया और विकास कार्यों को और आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
चुनाव परिणामों का विस्तृत विवरण
गुजरात के 15 नगर निगमों में कुल 1044 सीटों पर बीजेपी ने 937 सीटों पर कब्जा किया जबकि कांग्रेस मात्र 95 और आम आदमी पार्टी 6 सीटों पर सीमित रही। नगर पालिका चुनाव में बीजेपी ने 2624 सीटों में से 1976 सीटें जीतीं, कांग्रेस को 484 और आप को 25 सीटें मिलीं। जिला पंचायत वोटों में बीजेपी ने 893 सीटें जीतीं, कांग्रेस 141 और आप 55 सीटों पर सफल रहीं। तालुका पंचायत के 5234 सीटों में से 3829 पर बीजेपी ने जीत दर्ज की, कांग्रेस 964 और आप 360 सीटों पर सीमित रही। यह स्पष्ट संकेत है कि गुजरात की जनता ने विकास और सुशासन की राजनीति को अपना समर्थन दिया है।
यह शानदार जीत गुजरात में बीजेपी की मजबूती का परिचायक है और आने वाले समय में राज्य के विकास तथा प्रशासनिक सुधारों की दिशा में सकारात्मक कदमों की संभावना बढ़ा देता है।

