बनासकांठा। गुजरात के दो दिन के दौरे पर पीएम मोदी बनासकांठा पहुंच गए हैं। यहां वह राज्य के सीएम भूपेंद्र पटेल और राज्य के गृह मंत्री व उपमुख्यमंत्री हर्ष सांघवी के साथ बनास डेयरी परिसर में रोड शो कर रहे हैं। सड़के के दोनों तरफ खड़े लोगों का प्रधानमंत्री ने हाथ हिलाकर अभिवादन किया। पीएम मोदी ने गुजरात के बनासकांठा में भारत बोवाइन ब्रीडिंग एंड रिसर्च सेंटर के कैटल फार्म का दौरा किया। इस दौरान गुजरात के सीएम भूपेंद्र पटेल और उपमुख्यमंत्री हर्ष सांघवी भी उनके साथ मौजूद थे।
पीएम मोदी शुक्रवार से दो दिन के गुजरात दौरे पर हैं उनके दौरे की शुरुआत बनासकांठा से हो रही है। प्रधानमंत्री की सभा से पहले किसान और पशुपालक जुटने लगे हैं। इस दौरान बनास डेयरी से जुड़ी महिलाएं खास पोस्टर और बैनर लेकर पहुंचीं। इन पर लिखा था- मोदी कहीं नहीं जाएगा। महिलाओं के हाथों में इन तख्तियों का वीडियो भी सामने आया है। इस बार सभा में किसानों और पशुपालकों के लिए कुर्सियों की जगह खाट लगाई गई हैं यानी किसान और पशुपालक खाट पर बैठकर प्रधानमंत्री को सुनेंगे।
इस दौरे के दौरान पीएम मोदी बनासकांठा में 14,000 करोड़ रुपए से अधिक की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। साथ ही वे प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त भी जारी करेंगे, जिसकी कुल राशि करीब 19,000 करोड़ रुपए है। दिन के सबसे बड़े कार्यक्रमों में से एक भिलड़ी में बने भारत बोवाइन ब्रीडिंग एंड रिसर्च सेंटर का राष्ट्र को समर्पण है। 127 एकड़ में फैला यह सेंटर पशु प्रजनन, नस्ल सुधार और उन्नत प्रजनन तकनीकों को मजबूत करने के लिए सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के रूप में बनाया गया है। यह कांकरेज गाय की नस्ल के लिए देश का अपनी तरह का पहला सेंटर होगा।
प्रधानमंत्री बनास डेयरी के दो बायो सीएनजी प्लांट की आधारशिला भी रखेंगे। ये प्लांट थराद और राधनपुर में बनेंगे, जिनकी गोबर प्रसंस्करण क्षमता 75 मीट्रिक टन और 100 मीट्रिक टन प्रतिदिन होगी। इसके अलावा अहमदाबाद मेट्रो का एयरपोर्ट और गिफ्ट सिटी की ओर विस्तार, अहमदाबाद-मेहसाणा रोड को चार से आठ लेन तक चौड़ा करने का काम, जिसकी लागत करीब 2,600 करोड़ रुपए है, और 4,030 नए चाइल्ड फ्रेंडली आंगनवाड़ी केंद्रों के विकास जैसी परियोजनाएं भी एजेंडे में हैं। पीएम मोदी कृषि इन्फ्रास्ट्रक्चर फंड के तहत 521 पूरी हो चुकी परियोजनाओं को भी समर्पित करेंगे, जिनकी कुल लागत लगभग 4,950 करोड़ रुपए है और अहमदाबाद (साबरमती)-वाराणसी एक्सप्रेस और मेहसाणा-बेचाराजी-साबरमती मेमू ट्रेनों को हरी झंडी दिखाएंगे। प्रधानमंत्री नर्मदा जिले के एकता नगर जाएंगे, जहां वे भारत पर्व 2026 का उद्घाटन करेंगे और राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह के हिस्से के रूप में एकता प्रकाश पर्व देखेंगे।

