कल्याण। कल्याण पश्चिम के बारावे डंपिंग ग्राउंड में आग लगने से पूरे इलाके में भयावह स्थिति उत्पन्न हो गई। कचरे के विशाल ढेर में भड़की यह आग तेजी से फैल गई, जिससे आसमान में धुएं के सघन गुबार छा गए और आसपास के निवासियों की सांसें उखड़ गईं। आग लगते ही स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई, जिनका कहना था कि धुआं इतना जहरीला था कि कई बार सांस लेना भी कठिन हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि आग लगते ही काले, घने धुएं के गुबार फैले और कई लोगों को आंखों में जलन तथा घुटन महसूस हुई। लोग अपने घरोें के दरवाजे और खिड़कियां बंद करने को मजबूर हो गए। कुछ लोगों ने थकान और सांस लेने में दिक्कत की शिकायत भी की।
घटना की सूचना मिलते ही कल्याण-डोंबिवली महानगरपालिका के दमकल विभाग की कई गाड़ियां घटनास्थल पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने तत्परता से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया लेकिन लगातार बढ़ती गर्मी और सूखे कचरे की वजह से आग पर नियंत्रण पाना आसान नहीं हो रहा है। दमकलकर्मियों का कहना है कि फिलहाल आग बुझाने के प्रयास जारी हैं और पूरी तरह नियंत्रण में आने में अभी समय लग सकता है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गर्मी और सूखे कचरे के कारण आग इतनी तेजी से फैल गई और दमकल विभाग की कोशिशों के बावजूद स्थिति कठिन बनी हुई है। अधिकारियों ने आग लगने के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है, पर अभी तक कोई स्पष्ट कारण नहीं मिला है।
यह पहला मौका नहीं है जब बारावे डंपिंग ग्राउंड में आग लगी हो। इससे पहले भी आसपास के अन्य डंपिंग ग्राउंड में आग लगने की घटनाएं सामने आई हैं, जिनसे स्थानीय निवासियों में चिंता बढ़ गई है। वे प्रशासन से बेहतर व्यवस्था की मांग कर रहे हैं ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।
वहीं, प्रशासन पर भी कड़ी टिप्पणियां हो रही हैं कि वे डंपिंग ग्राउंडों के प्रबंधन और आग लगने से रोकने के उपायों में सुधार करें। फिलहाल दमकल कर्मी, स्थानीय अधिकारी और शासन की टीमें मिलकर आग बुझाने और प्रभावित लोगों की मदद में जुटी हुई हैं। आग बुझ जाने के बाद अंतिम नुकसान और आगे के सुधारों का मूल्यांकन किया जाएगा।

