रायपुर। जेसीआई रायपुर वामा कैपिटल द्वारा महिलाओं के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम ‘नारी संगम’ का आयोजन 3 जुलाई को दीनदयाल ऑडिटोरियम में किया जाएगा। यह कार्यक्रम वामा कैपिटल के 16वें फाउंडेशन डे के अंतर्गत हो रहा है, जिसके सफल आयोजन के लिए टीम ने पूरी तैयारी कर ली है। आयोजन को भव्य और व्यवस्थित बनाने हेतु विभिन्न समितियां सक्रिय रूप से काम कर रही हैं।
नारी संगम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को प्रेरणा प्रदान करना, उन्हें जीवन के नए दृष्टिकोण से अवगत कराना और आत्मविश्वास बढ़ाने का अवसर देना है। इस मौके पर अंतरराष्ट्रीय प्राइम ट्रेनर एवं जेसीआई सीनेटर राजेश अग्रवाल द्वारा नेतृत्व में विशेष प्रशिक्षण सत्र आयोजित किया जाएगा। उनका सत्र ‘लव यू जिंदगी’ विषय पर आधारित होगा, जिसमें जीवन को सकारात्मक दृष्टिकोण से देखने, स्वयं की पहचान करने, आत्मविश्वास विकसित करने और व्यक्तिगत विकास के महत्वपूर्ण पहलुओं पर मार्गदर्शन दिया जाएगा।
इस कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के लगभग 300 संस्थाओं से महिलाओं की सहभागिता अपेक्षित है। रायपुर के बाहर के संगठन भी इस मंच पर सम्मानित किए जाएंगे, साथ ही उत्कृष्ट संस्थाओं को भी विशेष पहचान दी जाएगी। यह आयोजन महिलाओं के लिए सीखने और आगे बढ़ने का एक साझा मंच प्रदान करता है।
कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए 100 से अधिक सदस्यों की टीम विभिन्न समितियों के माध्यम से तैयारियों में लगी हुई है। कोऑर्डिनेटर जया अरोरा एवं अध्यक्ष धृति वैभव शर्मा ने बताया कि वरिष्ठ पदाधिकारियों के मार्गदर्शन में टीम ने आयोजन की सभी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया है।
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि होंगे। संस्थापक अध्यक्ष लीना वाढेर, संयोजक रुपाली दुबे और चैप्टर इंचार्ज आंचल पंजवानी की देखरेख में पूरी टीम ने समर्पण, अनुशासन और उत्साह के साथ इस आयोजन की तैयारी पूरी कर ली है ताकि यह नारी संगम महिलाओं के लिए यादगार और प्रभावशाली अनुभव साबित हो सके।

