रायबरेली, राष्ट्रबाण। गंगा एक्सप्रेसवे पर रविवार को श्रद्धालुओं से भरी एक बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में बस सवार 19 श्रद्धालु घायल हो गए। सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद छह श्रद्धालुओं की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। सभी श्रद्धालु पश्चिम बंगाल के हावड़ा जिले के रहने वाले हैं और वृंदावन में दर्शन करने के बाद काशी विश्वनाथ मंदिर जा रहे थे।
जानकारी के अनुसार, हावड़ा के कदमतला निवासी श्रद्धालुओं का एक जत्था बस से वृंदावन दर्शन के लिए गया था। वहां दर्शन करने के बाद सभी श्रद्धालु वाराणसी स्थित काशी विश्वनाथ मंदिर के लिए रवाना हुए। इसी दौरान रायबरेली में लालगंज के उमरामऊ के पास चालक को नींद आने के कारण बस अनियंत्रित हो गई और सड़क पर पलट गई। हादसे के बाद बस में सवार श्रद्धालुओं में चीख-पुकार मच गई।
दुर्घटना में सुदीप सिंह, उनकी पत्नी मोनिता, पुत्री सोमाली और पुत्र सेयम सिंह सहित पुरखित पांजा, उत्तम दिलोई, रोमा, मिनोती दास, सुजीत, सुहानी, दरजीत, विभव दिलई, श्रेष्टा मन्ना, स्वामी रामदेव मन्ना, रूबी मन्ना, अशोक दास, खैतली मन्ना और वंदना समेत 19 लोग घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाल प्रमोद सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया। गंभीर रूप से घायल सेयम सिंह, पुरखित पांजा, उत्तम दिलोई, रोमा, सोनाली और वंदना को जिला अस्पताल रेफर किया गया।
पुलिस ने घायलों के सामान को भी अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद श्रद्धालुओं के लिए चाय और बिस्किट की व्यवस्था की गई। इसके बाद गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।
काशी दर्शन से पहले काल बना सफर! गंगा एक्सप्रेसवे पर पलटी श्रद्धालुओं से भरी बस, 19 घायल

Highlights
- पश्चिम बंगाल के हावड़ा जिले से आए श्रद्धालु वृंदावन दर्शन के बाद काशी विश्वनाथ मंदिर जा रहे थे, लालगंज के उमरामऊ के पास हुआ हादसा।
- चालक को नींद आने से अनियंत्रित होकर पलटी बस, पुलिस ने सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया; छह गंभीर घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया गया
