सिवनी, राष्ट्रबाण। जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले सूफी नगर में आपसी रंजिश और विवाद ने एक बार फिर हिंसक रूप ले लिया है। दो पक्षों के बीच हुए भीषण विवाद में जमकर मारपीट हुई, जिसमें एक व्यक्ति घायल हो गया है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है और अस्पताल में भारी तनाव का माहौल व्याप्त है। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, सूफी नगर निवासी फैयाज और हाकिम के बीच पुराणी रंजिश को लेकर बहस शुरू हुई। देखते ही देखते यह जुबानी जंग हिंसक झड़प में बदल गई। मारपीट के दौरान हाकिम को गंभीर चोटें आईं और वह लहूलुहान हो गया। परिचितों की मदद से घायल हाकिम को तुरंत इलाज के लिए सिवनी के जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। सूफी नगर इलाके में हुई इस घटना सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस अस्पताल पहुंच गई है और मामले की पड़ताल में जुट गई है।
हाकिम का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड, सफ़ेद पाउडर तस्करी में जा चुका है जेल
घायल हाकिम कोई नया चेहरा नहीं है, बल्कि वह पहले भी आपराधिक गतिविधियों में शामिल रह चुका है। सूत्रों के अनुसार, हाकिम इसके पूर्व सफ़ेद पाउडर (स्मैक/नशीले पदार्थ) की तस्करी के गंभीर आरोपों में पुलिस का मेहमान बन चुका है और सलाखों के पीछे जेल की हवा खा चुका है।



