काजीरंगा (असम), राष्ट्रबाण । असम के काजीरंगा नेशनल पार्क के पास शुक्रवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। एक मिनीबस और कंटेनर ट्रक के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर में अब तक 26 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 20 लोग घायल बताए जा रहे हैं। मृतकों में महिलाएं, नाबालिग और कई कॉलेज छात्र-छात्राएं शामिल हैं। हादसे के बाद पूरे राज्य में शोक की लहर है।
नेशनल हाईवे-715 पर हुआ दर्दनाक हादसा
पुलिस के अनुसार, दुर्घटना कोहोरा रेंज के अंतर्गत हथिकुली टी एस्टेट के पास रंगाजन इलाके में नेशनल हाईवे-715 पर हुई। मिनीबस गोलाघाट से नगांव की ओर जा रही थी, जबकि कंटेनर ट्रक अपर असम की दिशा में बढ़ रहा था। इसी दौरान दोनों वाहनों की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि मिनीबस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
मिनीबस में सवार थे करीब 45 लोग, कई छात्र भी शामिल
जानकारी के मुताबिक, मिनीबस में करीब 45 लोग सवार थे। इनमें बड़ी संख्या कॉलेज के छात्र-छात्राओं की थी, जो कक्षाएं समाप्त होने के बाद अपने घर लौट रहे थे। हादसे में कई विद्यार्थियों की जान चली गई। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। गोलाघाट के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने भी घटना के बाद तत्काल बचाव अभियान चलाए जाने की जानकारी दी।
मृतकों की संख्या बढ़कर 26 हुई, 14 की पहचान
कोहोरा मॉडल अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सक के अनुसार, हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर 26 हो गई है। घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। प्रशासन की ओर से अब तक 14 मृतकों की पहचान की गई है। इनमें ज्योति माझी, दर्पणा माझी, अनुराग गोआला, मिनीबस चालक अब्दुल मुजीद, हेल्पर सुभाष, राशिद अली, हफीजा खातून, फरहाना यास्मीन, केआर लोभो, अमजद अली, बुलबुल अली, बेबी करमाकर, दामिनी घटोवार और दीपांजलि रोंगफार शामिल हैं।
पीएम मोदी ने की आर्थिक सहायता की घोषणा
हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से 2-2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। वहीं, दुर्घटना में घायल हुए लोगों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी।
राष्ट्रपति और गृह मंत्री ने भी जताया शोक
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी इस दर्दनाक दुर्घटना पर शोक व्यक्त किया है। सभी ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। हादसे के बाद प्रशासन द्वारा मृतकों की पहचान और घायलों के उपचार से संबंधित आगे की कार्रवाई की जा रही है।



